Thursday, March 5, 2026

जमशेदपुर में होली के माहौल में आम लोगों से लेकर राजनेता सभी डूबे नजर आए.

Share

जमशेदपुरः शहर में होली के रंगों के माहौल में राजनेता भी डूबे नजर आए. एक तरफ अर्जुन मुंडा ने अपनी पत्नी के साथ होली मनाई तो दूसरी तरफ रघुवर दास ने झाल बजा कर होली मनाई.

होली को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है. हर तरफ अलग-अलग रंगों की छटा बिखरी हुई है. वहीं जमशेदपुर में होली का रंग कुछ खास दिखा. पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने घोड़ाबांधा स्थित अपने आवास में अपनी पत्नी मीरा मुंडा के साथ होली मनाई. उनके समर्थकों ने उन्हें गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया.

वहीं अर्जुन मुंडा और मीरा मुंडा ने उन्हें गुलाल लगाकर होली की बधाई दी. इस मौके पर अर्जुन मुंडा के समर्थक हिंदी गीतों पर झूमते नजर आए. पूर्व केंद्रीय मंत्री के आवास पर होली के गीतों पर झूमते हुए लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी.

अनोखा रहा रघुवर का अंदाज

एग्रीको स्थित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास में होली का अलग उत्साह दिखा. भाजपा कार्यकर्ता रघुवर दास को अबीर गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद ले रहे थे और स्थानीय कलाकारों द्वारा होली के गीत प्रस्तुत किये जा रहे थे.

रघुवर दास कलाकारों के बीच पहुंचे और होली के गीत की धुन में झाल पकड़ कर बजाने लगे. इस दौरान भाजपा महिला नेता भी खुद को रोक नहीं पाईं और जमकर झूमीं. इस दौरान वहां मौजूद लोगों में काफी उत्साह दिखा.

Read more

Local News