खूंटी, 4 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश आयोजन समिति के सदस्यों ने बुधवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद खूंटी जिला भाजपा कार्यालय में समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें झारखंड सहित विभिन्न जिलों में जनजातीय गौरव दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने और जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई।
जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। समिति के सदस्यों ने आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया और कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
समीर उरांव बोले- जनजातीय महापुरुषों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर
भाजपा नेता समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के जनजातीय महापुरुषों का त्याग, संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव दिवस नई पीढ़ी को इस गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने जनजातीय समाज के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
खूंटी जिला भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में समीर उरांव, अशोक बड़ाइक, सन्नी टोप्पो, आनंद कुमार, रानी टूटी, पिंकी खोया, रीता मुंडा, जगन्नाथ मुंडा और संजय सिंह मुंडा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
BHARATSUPERFASTNEWS
