Friday, May 8, 2026

चुनाव से पहले राजधानी से पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है.

Share

पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. संभावित अशांति और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जगह-जगह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पटना पुलिस ने ऑपरेशन जखीरा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और लाखों की नकदी बरामद की है. इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

राजधानी में हथियारों का जखीरा: पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में और नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत, बीते 24 घंटों में दानापुर, बिहटा और रूपसपुर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई. पुलिस ने इन इलाकों से कुल 8 अवैध आग्नेयास्त्र (कट्टा, पिस्टल, रायफल सहित), 33 जिंदा कारतूस और ₹25,75,200 नकद राशि बरामद की है.

दानापुर थाना क्षेत्र में गिरफ्तारी: गुप्त सूचना के आधार पर दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज अस्पताल के पास छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है.

बिहटा थाना क्षेत्र से बड़ी बरामदगी: बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा पकड़ा गया. छापेमारी के दौरान दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, एक दो नाली बंदूक, एक रायफल और 27 जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा 700 एमएल अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.

व्यक्ति विशेष की हत्या की योजना: इसके साथ ही ₹10 लाख नकद राशि भी जब्त की गई. पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सिद्धार्थ कुमार उर्फ निखिल कुमार, बृज कुमार और ललित मोहन राय शामिल हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिद्धार्थ कुमार किसी व्यक्ति विशेष की हत्या करने वाला है. जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है.

चुनाव से पहले थी बड़ी साजिश की आशंका: ललित मोहन राय के पास से ही अधिकांश हथियार बरामद किए गए हैं, जिसमें दो देसी कट्टा, एक पिस्तौल, एक दो नाली बंदूक और 12 बोर के छह कारतूस के अलावा 315 बोर के 16 कारतूस तथा पिस्तौल के चार कारतूस मिले हैं. पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी चुनाव से पहले क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के इशारे पर अवैध गतिविधियों में शामिल थे.

रूपसपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी: रूपसपुर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में भी पुलिस को सफलता मिली. यहां से पुलिस ने 1.305 लीटर विदेशी शराब और ₹8,50,000 नकद राशि बरामद की. एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा, बिहटा थाना क्षेत्र में ही एक अन्य छापेमारी में ₹7,25,200 नकद राशि भी जब्त की गई.

Operation Zakhira

पुलिस का सख्त संदेश: एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन जखीरा’ के तहत यह कार्रवाई चुनाव पूर्व असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ की जा रही है. उनका कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य चुनावी माहौल में शांति और निष्पक्षता बनाए रखना है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या प्रलोभन से मतदाता प्रभावित न हों.

पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संकेत मिला है कि पटना पुलिस विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है और अपराध व अवैध हथियार कारोबार पर सख्ती से नकेल कसने के लिए हर स्तर पर सक्रिय है.

‘आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इसी तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी. पुलिस टीम को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए.’- भानु प्रताप सिंह, वेस्ट एसपी, पटना

Read more

Local News