Thursday, October 22, 2026

चक्रधरपुर में परंपरा के साथ निकला मां दुर्गा का विसर्जन जुलूस, मशालों के बीच कंधों पर उठाई प्रतिमा.

Share

चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। बुधवार शाम पुरानी बस्ती से निकले जुलूस में श्रद्धालुओं ने आदि शक्ति मां दुर्गा की प्रतिमा को अपने कंधों पर उठाया। मशालों की रोशनी और ‘जय दुर्गे’ के जयकारों के बीच निकले इस जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

मशालों के बीच निकली मां दुर्गा की प्रतिमा

चक्रधरपुर की पुरानी बस्ती से शुरू हुए जुलूस में श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा को कंधों पर लेकर आगे बढ़े। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर प्रतिमा को दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान लोगों ने मां दुर्गा पर फूल बरसाकर श्रद्धा प्रकट की।

शंख, ढोल और ताशे की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। जुलूस में शामिल श्रद्धालु जय दुर्गे के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। इस आयोजन में वर्षों पुरानी परंपरा की झलक देखने को मिली।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजला विसर्जन जुलूस

आदि शक्ति मां दुर्गा की प्रतिमा के पीछे शहर के विभिन्न पूजा पंडालों की प्रतिमाएं ट्रक और ट्रैक्टरों पर सवार होकर क्रमवार निकलीं। जुलूस पवन चौक, बाटा रोड, पुरानी रांची रोड, भगत सिंह चौक और रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग से होते हुए थाना रोड की ओर बढ़ा।

इसके बाद सभी प्रतिमाओं को थाना रोड स्थित मुक्तिनाथ महादेव घाट ले जाया गया। यहां सबसे पहले पुरानी बस्ती की मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके बाद अन्य पूजा समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन क्रमवार संपन्न हुआ।

मां को विदाई देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विसर्जन जुलूस देखने और मां दुर्गा को अंतिम विदाई देने के लिए पवन चौक, बाटा रोड, भगत सिंह चौक, पुरानी रांची रोड और घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की। भीड़ को देखते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों ने लोगों के लिए पानी, गुड़-चना और चाय की व्यवस्था की।

मेडिकल कैंप और प्रशासनिक निगरानी रही जारी

विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनुमंडल अस्पताल, रेड क्रॉस सोसाइटी और सूर्या नर्सिंग होम की ओर से मेडिकल कैंप लगाए गए।

वहीं, मुक्तिनाथ महादेव घाट पर रात करीब दो बजे तक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इनमें पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, डीएसपी सैयद हाशमी और थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

पवन चौक पर बनाए गए मंच पर विधायक सुखराम उरांव, उपायुक्त मनीष कुमार, एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, डीएसपी सैयद हाशमी और बीडीओ कांचन मुखर्जी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

डीजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु

विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे और लाउडस्पीकर पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में भाग लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों, धार्मिक जयकारों और सामूहिक भागीदारी के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News