Chaibasa News | 2 नवंबर 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चक्रधरपुर में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 2 नवंबर की शाम पोड़ाहाट की अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने शहर के प्रमुख सीढ़ी घाट और थाना घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
साफ-सफाई और रोशनी पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान SDO ने नगर परिषद के अधिकारियों को छठ पूजा समितियों के साथ तालमेल बनाकर सभी जरूरी काम समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने, घाटों का रंग-रोगन कराने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी सुगम बनाने पर जोर दिया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया। SDO ने घाटों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कराने और पूरे परिसर को साफ-सुथरा रखने को भी कहा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
निरीक्षण में नगर परिषद के जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Bharat Superfast News | चक्रधरपुर
