चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के जनवितरण प्रणाली (PDS) डीलरों ने लंबित भुगतान और परिवहन व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। गुरुवार को शहर के वीरा बाग में आयोजित बैठक में डीलरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और विभाग से जल्द समाधान की मांग की।
बैठक में डीलरों ने बताया कि पिछले करीब 18 महीनों से उन्हें परिवहन खर्च और कमीशन राशि का भुगतान नहीं मिला है। उनका कहना है कि जिले के कई अन्य प्रखंडों में राशन परिवहन का काम ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे वहां भुगतान प्रक्रिया नियमित बनी हुई है।
डीलरों के अनुसार, चक्रधरपुर प्रखंड में लगभग 165 जनवितरण प्रणाली दुकानदारों के लिए अब तक परिवहन ठेकेदार की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण उन्हें अपने स्तर से खर्च कर गोदाम से राशन उठाव और लाभुकों तक वितरण की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
बैठक में डीलरों ने कहा कि इस समस्या को लेकर वे कई बार विभागीय अधिकारियों को आवेदन और ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। आर्थिक परेशानी के कारण कई दुकानदारों को राशन वितरण कार्य जारी रखने के लिए निजी स्तर पर पैसों की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
PDS डीलरों ने मांग की कि लंबित परिवहन राशि और कमीशन का जल्द भुगतान किया जाए तथा परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए स्थायी कदम उठाए जाएं।
डीलरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रखंड स्तर पर आंदोलन या हड़ताल करने का निर्णय ले सकते हैं।
