Chaibasa News | 3 नवंबर 2026: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा पहुंचे। सोनुवा बाजार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय मानकी-मुंडा, डाकुवा और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से जागरूक रहने की अपील की।
कांग्रेस और सहयोगी दलों पर साधा निशाना
अपने संबोधन में चंपाई सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र देश की रीढ़ है और इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के कानून के विरोध में आंदोलन करना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उनके मुताबिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून का सम्मान किया जाना चाहिए।
SIR प्रक्रिया को लेकर रखी अपनी बात
चंपाई सोरेन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया भारतीय कानून के तहत संचालित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इसके जरिए मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाने और वास्तविक भारतीय नागरिकों के नाम शामिल करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य के कुछ इलाकों में कथित घुसपैठ के कारण जनसांख्यिकीय बदलाव होने का आरोप भी लगाया। मझगांव क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने वहां कब्जे से जुड़ी स्थिति सामने आने की बात कही।
चंपाई सोरेन ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से ऐसे मामलों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया से स्थानीय भूमिपुत्रों और खतियानधारियों के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे।
मानकी-मुंडा और कार्यकर्ताओं से जागरूक रहने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्थानीय मानकी-मुंडा और भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों का विरोध करने की अपील भी की।
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत
सोनुवा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ चंपाई सोरेन का स्वागत किया। स्थानीय मानकी मदन मोहन सुंडी, मुंडा एवं डाकुवा रमाकांत कटियार, शंकर लाल प्रधान, दिनेश महतो, लखिनंद्र महतो, घासीराम सांडिल, बिरेंदर डोंगो, मोरेन सिंह जामुदा, प्रेम मुंडारी, शिवरतन महतो, निर्मल प्रधान, होपनो हेम्ब्रम, विश्वजीत महतो और साधुचरण डांगिल ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री रानी बांदिया, जिला उपाध्यक्ष गोरखनाथ बोदरा, इंद्रजीत सामड, जिला परिषद सदस्य ज्योति मेरल, जितेंद्र प्रधान, बसंत प्रधान, जेवियर सुंडी और जोशी सुंडी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Bharat Superfast News | Chaibasa Desk
