डीसी दिलेश्वर महतो ने छात्रवृत्ति पंजीकरण बढ़ाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा
गुमला: उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने समाहरणालय के सभाकक्ष में कल्याण विभाग के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने और सभी अधूरे कार्य मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया।
छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
समीक्षा के दौरान डीसी ने छात्रवृत्ति के लिए मिले आवेदनों का जल्द निपटारा करने तथा आय प्रमाण पत्रों का सत्यापन समय पर कराने को कहा। उन्होंने छात्रवृत्ति पोर्टल पर पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कम पंजीकरण होने पर चिंता जताई।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक छात्र योजनाओं का लाभ उठा सकें।
एकलव्य विद्यालयों तक पहुंच पथ बनाने की तैयारी
डीसी ने घाघरा, डुमरी, चैनपुर, कामडारा और सिसई में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को प्राक्कलन और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा अरहरा और पुग्गु में धुमकुड़िया भवनों का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा गया। उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों और अभियंताओं को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
