गिरिडीहः गांडेय के करमाटांड़ में संचालित पत्थर के अवैध खदान पर छापेमारी हुई है. इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने प्राथमिकी भी दर्ज की है.
डीसी रामनिवास यादव एवं एसपी डॉ. विमल के निर्देश पर अंचलाधिकारी मो. हुसैन के नेतृत्व में छापा मारा गया है. यहां से एक पोकलेन मशीन और दो ट्रेक्टर (कंप्रेसर लगा हुआ) को जब्त किया गया है. इस मामले को लेकर सीओ ने लिखित शिकायत की है जिसके आधार पर गांडेय थाना में कांड संख्या 22/26 अंकित किया गया है. इस मामले में कोडरमा निवासी अंकित सिंह को नामजद किया गया है. इसके अलावा वाहन के मालिक-चालक एवं अज्ञात पर भी प्राथमिकी दर्ज करायी गई है.
कैसे हुई कार्रवाई
बताया जाता है कि गिरिडीह के जिलाधिकारी रामनिवास यादव ने सभी जिला खनन पदाधिकारी समेत सीओ व टास्क फोर्स में शामिल पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पत्थर के अवैध खनन पर सख्ती जरूरी है. ऐसे में सभी अंचल के सीओ अपने इलाके में सक्रिय हुए हैं. इस बीच सीओ को यह पता चला कि करमाटांड में अवैध खनन किया जा रहा है. ऐसे में यह कार्रवाई की गई.

गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड में छापेमारी की गई है. यहां पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा था. यहां से एक पोकलेन मशीन, कप्रेसर लगा हुआ दो ट्रेक्टर जब्त किया गया है. मामले में कोडरमा के के व्यक्ति समेत वाहन एवं मशीन के चालक-मालिक को अभियुक्त बनाया गया है. आगे भी जांच होगी और कार्रवाई भी. -मो. हुसैन, सीओ, गांडेय.
अंचलाधिकारी के नेतृत्व में पत्थर खदान पर छापा मारा गया जा.. पोकलेन मशीन, ट्रेक्टर को जब्त किया गया है. इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है. अंकित नामक व्यक्ति को नामजद किया गया है. -जीतवाहन उरांव, एसडीपीओ.
क्या दिखा करमाटांड़ में
इस छापेमारी के बाद ईटीवी भारत की टीम करमाटांड़ पहुंची. यहां का नजारा कुछ और ही था. सन्नाटा पसरा हुआ था तो बड़े इलाके में खुदाई कर दी गयी थी. यहां पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा था. जगह-जगह गड्ढे कर दिए गये थे. जिसे देखकर लगता है कि संभवतः इन होल (छिद्र) को ट्रेक्टर में लगे कंप्रेसर से किया गया और ऐसी संभावना है कि इस होल में बारूद भी डाला गया हो.
हालांकि ईटीवी भारत इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि होल में बारूद है. यहां के लोग इस मामले की जांच करने की मांग जरूर कर रहे हैं. यह भी मांग हो रही है कि इस अवैध खनन में और कौन कौन से लोग शामिल हैं उसका खुलासा होना चाहिए.

बता दें कि पत्थर के अवैध खनन और उसके नेक्सस के खिलाफ ईटीवी भारत ने खबर प्रकाशित की थी. जिसके बाद इसकी जानकारी डीसी-एसपी ने इकट्ठा करते हुए कार्रवाई शुरू की है.


