Saturday, June 13, 2026

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने स्वच्छता अभियान चलाया.

Share

धनबाद: भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी धनबाद दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. सबसे पहले उन्होंने हीरापुर हटिया स्थित महावीर मंदिर और काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की साफ सफाई की और माल्यार्पण किया. इसके बाद हाथ में झाड़ू लेकर हीरापुर हटिया में स्वच्छता अभियान चलाया. इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो और विधायक राज सिन्हा सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है. उन्हें विश्व के 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक एवं राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाना, पूरे देश के लिए गर्व की बात है.

राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने उन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कब, कहां और क्या बोलना चाहिए, इसकी समझ नहीं है. यदि उनमें राजनीतिक सूझबूझ होती तो वे विदेशों में जाकर भारत की आलोचना नहीं करते.

Union Minister Annapurna Devi

उन्होंने यह भी कहा कि एआई सम्मेलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन भी उनकी कार्यशैली को दर्शाता है. अन्नपूर्णा देवी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का नजरिया अलग है, इसलिए उन्हें लेकर ऐसी टिप्पणियां और उपनाम प्रचलित हैं.

मुंबई में धनबाद के युवक की मौत, परिजनों से मिले सांसद

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जयनगर गांव के रहने वाले बिजली मिस्त्री विकास कुमार महतो की मुंबई में काम के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. वह अहिल्यानगर स्थित एक इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स में बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे. जानकारी के अनुसार, बिजली लाइन पर मरम्मत का काम करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई. अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Union Minister Annapurna Devi

हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को घटना की सूचना दी. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात एंबुलेंस से शव जयनगर लाया गया. गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. विकास अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है.

Union Minister Annapurna Devi

घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने महाराष्ट्र के डीजीपी से फोन पर बातचीत कर संबंधित कंपनी का विवरण जुटाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. सांसद ने भरोसा दिलाया कि परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.

इस दौरान सांसद ने कहा कि रोजगार के अभाव में झारखंड के युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है. यदि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर होते तो विकास को घर-परिवार छोड़कर बाहर काम करने नहीं जाना पड़ता.

Read more

Local News