रांची: अंतरराष्ट्रीय एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप-2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार पदक हासिल किए हैं। वर्ल्ड फेडरेशन फॉर योगासन स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों ने दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
रक्षित झा और अनाभ्या आयशा ने जीते कांस्य
प्रतियोगिता के अंडर-10 बालक वर्ग में रक्षित झा ने पारंपरिक और कलात्मक एकल योगासन स्पर्धा में हिस्सा लेते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में अनाभ्या आयशा ने शानदार योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
नंदिनी रॉय और स्मिकी सरकार ने दिलाया रजत
अंडर-17 बालिका वर्ग में नंदिनी रॉय ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इसके अलावा 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिला श्रेणी में स्मिकी सरकार ने भी शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक हासिल किया। इस तरह झारखंड के खाते में कुल चार पदक आए।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जताई खुशी
राज्य के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन (डब्ल्यूएफएफ) के अध्यक्ष अंशु सरकार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और खेल भावना की सराहना की। साथ ही खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं के लिए नियमित अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया।
