जब शरीर में ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है. इससे थकान, चक्कर आना, हाइपरग्लाइसेमिया, यहां तक कि हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी फेलियर और अंधापन जैसी गंभीर स्थितियां भी हो सकती हैं. इस स्थिति से खुद को बचाने के लिए, अपने दैनिक आहार में कुछ बदलाव करना ही काफी है. ऐसे में ब्लड शुगर के लेवल को कंट्रोल रखने के लिए आहार में क्या शामिल किया जाना चाहिए.
इन चीजों को अपने डेली डाइट में करें शामिल
मेथी दाना: आमतौर पर, भोजन के बाद ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है. मेथी एक ऐसी सामग्री है जो इसे रोकने में मदद करती है. मेथी में घुलनशील और अघुलनशील फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं. यह कार्बोहाइड्रेट के पाचन को धीमा कर देता है और ब्लड में ग्लूकोज को तेजी से एब्जॉर्ब करने से रोकता है. ऐसे में यदि आप अपने आहार में मेथी दाने को शामिल करते हैं तो इससे इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार हो सकता है और ब्लड शुगर के लेवल को कम करने में मदद मिल सकती है.
ऐसे करें सेवन
एक चम्मच मेथी को रात भर एक गिलास पानी में भिगोएं और सुबह खाली पेट पिएं NCBI जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन से पता चलता है कि भीगी हुई मेथी ब्लड शुगर लेवल को कम करती है.
भिंडी: भिंडी फाइबर, विटामिन सी, विटामिन के, मैग्नीशियम और पोटेशियम का एक बेहतरीन स्रोत है. इसके जेल जैसे गुण आंतों में शुगर के अवशोषण को कम करने में मदद करते हैं. भिंडी में पेक्टिन नामक फाइबर भी भरपूर मात्रा में होता है, जो ब्लड शुगर के लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है.
ऐसे करें सेवन
भिंडी को टुकड़ों में काट लें और रात भर पानी में भिगो दें. आप अगली सुबह इस ड्रिंक को पी सकते हैं. इससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहेगा. मतलब, यह ब्लड शुगर के स्तर को बनाए रखने में फायदेमंद है. फार्मास्युटिकल बायोलॉजी जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन से पता चला है कि भिंडी में टाइप 2 डायबिटीज के रोगियों में ब्लड शुगर के लेवल को कम करने की क्षमता है.
चिया बीज: चिया बीज घुलनशील फाइबर का एक समृद्ध स्रोत हैं. यह ओमेगा-3 फैटी एसिड से भी भरपूर होता हैं. इसमें कार्बोहाइड्रेट के पाचन और ब्लड में ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करने की क्षमता होती है. इसके साथ ही यह ब्लड शुगर के लेवल में वृद्धि को रोकने में मदद करता है.
ऐसे करें सेवन
चिया सीड्स को भिगोकर या बिना भिगोए, दोनों तरह से खाया जा सकता है. भिगोकर खाने पर ये पानी को सोखकर फूल जाते हैं और इनका सेवन करना आसान होता है. इसे शरबत और स्मूदी में मिलाकर भी सेवन कर सकते हैं.
दालचीनी: दालचीनी ब्लड शुगर के लेवल को कम करने के लिए सबसे प्रभावी उपायों में से एक है. अधिकतम प्रभावशीलता के लिए सीलोन दालचीनी का उपयोग करना सबसे अच्छा होता है. कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि प्रतिदिन 1 ग्राम दालचीनी का सेवन टाइप 2 डायबिटीज रोगियों में ब्लड शुगर के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है. यह कार्बोहाइड्रेट के टूटने को धीमा करने और इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करने में मदद कर सकता है. इसके साथ ही दालचीनी वजन घटाने और वसा हानि के लिए भी फायदेमंद होता है.
ऐसे करें सेवन
दालचीनी का सेवन कई तरीकों से किया जा सकता है, जैसे कि पानी में मिलाकर, चाय में डालकर, या सीधे खाने में मिलाकर कर सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह सामान्य जानकारी केवल पढ़ने के उद्देश्य से प्रदान की गई है


