Tuesday, June 30, 2026

एक जुलाई तक पूरे राज्य मॉनसून के कवर हो जाने की संभावना है.

Share

झारखंड में मानसून के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है. सोमवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी और लू से लोगों को राहत मिली है. 

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने से झारखंड में सोमवार से अच्छी बारिश शुरू हुई है. एक जुलाई तक पूरे राज्य मॉनसून के कवर हो जाने की संभावना है. पिछले चार दिनों से लू की चपेट में रहे मेदिनीनगर में सोमवार को 40 मिमी बारिश हुई, बोकारो में 15 मिमी और राजधानी रांची में पांच मिमी बारिश दर्ज की गई. इससे रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आई है. वज्रपात से राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई. गढ़वा के विशुनपुरा के कोचिया गांव में रमेश कुमार मेहता (20) की मौत हुई. बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के गणेशपुर गांव में तिजनी देवी (45) और इचाक (हजारीबाग) के खुटरा गांव में शोभा देवी (37) की मौत हो गई.

लोगों से सावधान रहने की अपील 

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों से अपील की है कि वज्रपात से बचने के लिए सुरक्षित स्थान पर रहें. बारिश, बादल गरजने और वज्रपात के समय खेतों में न जाएं, बिजली के पोल और पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें.

1 जुलाई को लेकर अलर्ट जारी 

एक जुलाई को भी रांची, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकरो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश का येलो अलर्ट और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है.

30 जून को कैसा रहेगा मौसम? 

मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 जून को रांची सहित खूंटी, रामगढ़, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद और  जामताड़ा में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है. इसके लिए येलो अलर्ट और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.  

Table of contents [hide]

Read more

Local News