Thursday, April 30, 2026

उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर शुक्रवार को जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Share

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना में जनकल्याण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रतिमा दास ने भी अवैध कब्जे की शिकायत की। उपमुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

पटना। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर शुक्रवार को जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। फरियादियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विजय कुमार सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पूर्व विधायक प्रत‍िमा दास ने सुनाई समस्‍या 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी नागरिक की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में वैशाली जिले से कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी दास भी पहुंचीं।

आवेदन देकर उन्होंने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर घर पर अवैध कब्जा का आरोप लगाया है। इस पर डिप्टी सीएम ने उनका आवेदन लेकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस संबंध में विजय कुमार सिन्हा ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि 3, स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर आयोजित जनकल्याण संवाद में बिहार के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों से संवाद किया गया।

उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार का संकल्प है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और किसी भी समस्या को अनसुना न रहने दिया जाए।

Read more

Local News