Wednesday, August 26, 2026

ईद-मिलादुन्नबी पर बेतला में आयोजन, अंजुमन कमेटी ने विधायक समेत अधिकारियों को किया सम्मानित.

Share

लातेहार: बरवाडीह प्रखंड के बेतला में ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित पगड़ीपोशी समारोह में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह भी शामिल हुए। अंजुमन कमेटी की ओर से विधायक के साथ एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार राम और अंचल अधिकारी लोकेश सिंह को भी माला पहनाकर एवं पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके संदेशों को मानवता, शांति और भाईचारे की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि समाज में दया, क्षमा, सदाचार और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करने की जरूरत है।

बेतला में निकला ईद-मिलादुन्नबी का जुलूस

इससे पहले पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बेतला में जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसमें भाग लिया। सुबह से ही इलाके में उत्सव का माहौल रहा।

इस अवसर पर कई घरों और मस्जिदों को रोशनी व झंडों से सजाया गया था। जुलूस के दौरान धार्मिक नारों और उद्घोषों से क्षेत्र गूंजता रहा। आयोजन में शामिल लोगों के लिए विभिन्न स्थानों पर लंगर और शर्बत की व्यवस्था भी की गई।

सुरक्षा व्यवस्था रही तैनात

जुलूस को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार राम और सीओ लोकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था की निगरानी की।

Read more

Local News