Sunday, June 21, 2026

आरसीबी की आईपीएल विक्ट्री परेड से पहले मची भगदड़ में कई लोगों की मौत और कई लोग घायल हो गए.

Share

बेंगलुरू: विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पहले आईपीएल खिताब का जश्न मनाने के दौरान बेंगलुरु में मची भगदड़ पर कहा कि वह ‘बिल्कुल दुखी’ है. बुधवार को बेंगलुरु में आरसीबी का 18 साल बाद आईपीएल ट्रॉफी जीत का जश्न जानलेवा घटना बन गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए.

आरसीबी के जश्न के शेड्यूल के अनुसार, शाम 5 बजे से ओपन-बस विक्ट्री परेड होनी थी, लेकिन ट्रैफिक एडवाइजरी के बाद इसको रद्द कर दिया गया. इसी परेड का हिस्सा बनने के लिए लाखों आरसीबी फैंस निर्धारित रूट पर जुट गए. बेंगलुरु की भीड़ अपने पसंदीदा सितारों को देखने और आईपीएल ट्रॉफी की एक झलक पाने के लिए जीवन में एक बार होने वाले पल का हिस्सा बनने के लिए सड़कों पर उतर आई, जिससे जानलेवा भगदड़ मच गई.

आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘मेरे पास शब्द नहीं हैं. मैं पूरी तरह से दुखी हूं’. उन्होंने घटना को लेकर आरसीबी द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान के साथ इस पोस्ट को शेयर किया.

कोहली के पूर्व आरसीबी साथी एबी डिविलियर्स, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले खिताब के जश्न का हिस्सा बनने के लिए मौजूद थे, ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. डिविलियर्स ने एक्स पर लिखा, ‘आज चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं’.

बता दें कि, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.

आरसीबी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए एक बयान जारी किया. ‘हम मीडिया रिपोर्टों के जरिए सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से बहुत दुखी हैं, जिसमें टीम के आज दोपहर आने की प्रतिक्षा में पूरे बेंगलुरु में लोगों की भीड़ जुटने की बात कही गई है. सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है’.

वहीं, बीसीसीआई ने कहा कि बोर्ड को इस आयोजन के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं थी और सचिव देवजीत सैकिया ने इतने बड़े आयोजन के लिए बेहतर योजना और उचित सुरक्षा उपाय किए जाने की बात कही.

आरसीबी फैंस की हुई मौत
आरसीबी की आईपीएल जीत के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए स्टेडियम के गेट की ओर भीड़ उमड़ पड़ी जिससे भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने मृतकों और घायलों के नाम और अन्य विवरण अभी साझा नहीं किए हैं. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

स्टेडियम में मची भगदड़
सैकड़ों प्रशंसकों द्वारा बैरिकेड तोड़कर स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश के कारण भगदड़ मच गई.पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रण में किया. पुलिस ने कहा कि सड़कों पर भीड़ भाड़ के कारण एंबुलेंस जल्दी से अस्पताल नहीं पहुंच पाई. आईएएनएस के अनुसार एक अलग घटना में स्टेडियम में कूदने के लिए गेट पर चढ़ते समय एक प्रशंसक गिर गया और उसका पैर टूट गया.

कर्नाटक सरकार ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विधान सौधा से चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम तक विजय परेड को रद्द कर दिया था.आज सुबह जब आरसीबी की टीम यहां एचएएल हवाई अड्डे पर पहुंची तो उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने उनका व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया. उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी को गुलदस्ते भेंट किए. शिवकुमार ने विशेष रूप से क्रिकेटर विराट कोहली का स्वागत किया और उन्हें आरसीबी टीम का झंडा और कन्नड़ झंडा दोनों भेंट किए.

Read more

Local News