झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, कहा- बच्चों की जान बचाने के लिए हर संभव मदद करूंगा
रांची। मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बच्चों की मौत पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर मध्य प्रदेश सरकार आदिवासी बच्चों को इलाज, दवाइयां और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा सकती, तो वह खुद वहां जाकर उनकी मदद करने को तैयार हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत की खबरें और तस्वीरें देखकर उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पीड़ा और उनके परिवारों का दर्द देखकर वह खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।
जरूरत पड़ी तो मध्य प्रदेश जाकर करूंगा मदद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी लोगों की जिंदगी की रक्षा करना है। आदिवासी बच्चों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जरूरत पड़ी तो वह मध्य प्रदेश जाएंगे और बच्चों की जान बचाने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
बच्चों की मौत को आंकड़ों तक सीमित न करें
इरफान अंसारी ने कहा कि किसी भी बच्चे की मौत केवल एक संख्या नहीं होती। उसके पीछे एक परिवार का दर्द, माता-पिता की उम्मीदें और मां के आंसू जुड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि आदिवासी बच्चों को इलाज और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से दूर रखना गंभीर चिंता का विषय है। सरकारों को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।
बच्चों की मौत के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे। बच्चों की मौत के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
बोले- डॉक्टर हूं, पहले इंसान हूं
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने बयान में कहा कि वह डॉक्टर हैं और सबसे पहले इंसान हैं। जहां भी किसी मासूम की जान बचाने की जरूरत होगी, वहां मदद के लिए खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
