Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र में खरकई नदी के किनारे छापेमारी कर बालू के अवैध भंडारण का पता लगाया गया। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से बालू से भरी करीब 300 बोरियां बरामद कीं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नदी से अवैध तरीके से बालू निकालकर उसे बोरियों में भरकर किनारे छिपाया जा रहा है। बाद में इन बोरियों को दूसरी जगहों पर ले जाने की तैयारी थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सालडीह बस्ती, जयप्रकाश उद्यान और रामड़ैया बस्ती के आसपास अभियान चलाया।
नदी किनारे छिपाकर रखी गई थीं बालू की बोरियां
छापेमारी के दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर बालू से भरी बोरियां मिलीं। जांच में कुल 300 बोरियां बरामद की गईं। पुलिस ने मौके पर ही बोरियों को खुलवाकर उनमें रखे बालू को नदी घाट पर बिखेर दिया, ताकि उसका अवैध तरीके से परिवहन नहीं किया जा सके।
अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की नजर
आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके में बालू के अवैध उठाव और तस्करी को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नदी घाटों से होने वाले गैरकानूनी बालू उठाव और उसके परिवहन पर रोक लगाना है।
Bharat Superfast News | Saraikela-Kharsawan
