नई दिल्ली: आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के शेड्यूल में बदलाव किया गया है. 30 सितंबर से शुरू होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल बदला गया है. हालांकि मैच की तारीख वहीं रहेंगी सिर्फ वेन्यू (मैच का स्थान) में बदलाव किया गया है. भारतीय टीम के जो मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले थी, अब वो नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाएंगे.
भारतीय क्रिकेट टीम को बेंगलुरु में 5 मैच खेलने थे. इसमें टूर्नामेंट का शुरुआत मैच, 3 लीग मैच और सेमीफाइनल भी शामिल था. लेकिन अब ये सभी मैच नवी मुंबई में खेले जाएंगे. सिर्फ वनडे वर्ल्ड कप 2025 का ओपनिंग मैच बेंगलुरु की जगह गुवाहाटी में खेला जाएगा.
आपको बता दें कि, अगर पाकिस्तान की टीम फाइनल में नहीं पहुंचती है तो फाइनल मैच भी अब बेंगलुरु की जगह नवी मुंबई में खेला जाएगा. अगर फाइनल में पाकिस्तान पहुंच गई तो फाइनल मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा.
इन मैचों में हुआ फैर-बदला
नवी मुंबई में दो ग्रुप मैच खेले जाएंगे जिनमें भारत (23 अक्टूबर को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ और 26 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ), श्रीलंका बनाम बांग्लादेश मैच (जो पहले कोलंबो में 20 अक्टूबर को होना था), दूसरा सेमीफाइनल (30 अक्टूबर) और अगर पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं कर पाता है तो संभवतः 2 नवंबर को फाइनल भी हो सकता है. एक अन्य मैच श्रीलंका बनाम इंग्लैंड (11 अक्टूबर) – को गुवाहाटी से कोलंबो स्थानांतरित कर दिया गया है.
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि नवी मुंबई महिला क्रिकेट का एक नया गढ़ बनकर उभरा है. उन्होंने कहा, ‘नवी मुंबई हाल के वर्षों में महिला क्रिकेट का एक सच्चा गढ़ बनकर उभरा है. अंतरराष्ट्रीय मैचों और महिला प्रीमियर लीग के दौरान इसे जो समर्थन मिला है वह उल्लेखनीय है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और प्रशंसकों को प्रेरणा मिली है. मुझे यकीन है कि यही ऊर्जा 12 साल बाद भारत में होने वाले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के बड़े मैचों को भी परिभाषित करेगी’.
बेंगलुरू से शिफ्ट हुए मैच
- 30 सितंबर: भारत बनाम श्रीलंका
- 3 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका
- 26 अक्टूबर: भारत बनाम बांग्लादेश
- 30 अक्टूबर: सेमीफाइनल 2
- 2 नवंबर: फाइनल*
भारत का अपडेटेड कार्यक्रम
- 30 सितंबर को गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ
- 5 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ
- 9 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ
- 12 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ
- 19 अक्टूबर को इंदौर में इंग्लैंड के खिलाफ
- 23 अक्टूबर को नवी मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ
- 26 अक्टूबर को नवी मुंबई में बांग्लादेश के खिलाफ
8 टीमों के बीच खेले जाएंगे सभी मैच
ये पूरा टूर्नामेंट आठ टीमों के बीच राउंड-रॉबिन के तहत खेला जाएगा. इसके साथ विश्व कप जो 12 साल बाद एशिया में लौट रहा है. 30 सितंबर से 2 नवंबर तक पांच स्थानों – डीवाई पाटिल (नवी मुंबई), एसीए स्टेडियम (गुवाहाटी), होल्कर स्टेडियम (इंदौर), एसीए-वीडीसीए स्टेडियम (विशाखापट्टनम) और आर प्रेमदासा स्टेडियम (कोलंबो) में खेला जाएगा.


