भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला लेने वाले नए स्नातक छात्रों का तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम शुरू हो गया है। संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम के जरिए नए विद्यार्थियों को आईआईटी पटना के शैक्षणिक माहौल, सुविधाओं और कैंपस जीवन से परिचित कराया जा रहा है।
इस वर्ष जेईई एडवांस्ड-2026 के माध्यम से करीब 800 छात्रों ने आईआईटी पटना के 32 स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने उनका स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किया।
छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित
आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने नए छात्रों और उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अपने कौशल और व्यक्तित्व को विकसित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है।
उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे परिवार, शिक्षक और समाज का योगदान महत्वपूर्ण होता है। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों के साथ उन लोगों के सहयोग को भी याद रखना चाहिए, जिन्होंने उनकी यात्रा में सहायता की है।
बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार करने की सलाह
मुख्य अतिथि कुमार रवि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में अवसरों की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि विद्यार्थी बदलती तकनीक और भविष्य की चुनौतियों को समझते हुए खुद को तैयार करें।
उन्होंने अपने शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक सेवा से जुड़े अनुभव भी छात्रों के साथ साझा किए।
संस्थान की सुविधाओं की दी गई जानकारी
आईआईटी पटना के एसोसिएट डीन (यूजी) डॉ. सुशांत कुमार ने बताया कि इस साल लगभग 800 विद्यार्थियों ने स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश लिया है।
ओरिएंटेशन के दौरान छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागीय गतिविधियों, पुस्तकालय सेवाओं, प्लेसमेंट और करियर डेवलपमेंट से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, एनएसएस, एनसीसी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तकनीकी गतिविधियों और छात्र सहायता प्रणालियों के बारे में भी बताया गया।
4 अगस्त से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
तीन दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग विभागों की ओर से भी नए छात्रों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 4 अगस्त से विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
संस्थान का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को आईआईटी पटना की शैक्षणिक संस्कृति, शोध और नवाचार की परंपरा तथा परिसर के वातावरण से परिचित कराना है, ताकि वे अपने उच्च शिक्षा के सफर की शुरुआत बेहतर तरीके से कर सकें।
