Sunday, August 2, 2026

‘जेनरेशन गटर’ विवाद के बाद कंगना रनौत का Gen-Z को संदेश, कहा- आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी.

Share

हैदराबाद: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर Gen-Z को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में युवाओं के एक प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने ‘जेनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।

रविवार को फ्रेंडशिप डे के मौके पर कंगना ने अपने ‘Gen-Z दोस्तों’ के लिए एक संदेश साझा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि जिम में उनकी मुलाकात Gen-Z की दो युवतियों से हुई, जिनसे डिजिटल दौर, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई।

कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया, डेटिंग ऐप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों के बीच बड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की स्वतंत्रता है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में अलग-अलग विचारधाराओं और जीवनशैली को लेकर टकराव देखने को मिल रहा है। ऐसे माहौल में बच्चों और युवाओं की सुरक्षा एक बड़ी चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, स्वतंत्रता और जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

अपने संदेश के अंत में कंगना ने Gen-Z दोस्तों को फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं दीं।

पहले बयान को लेकर हुआ था विवाद

कंगना का यह संदेश उस विवाद के बाद आया है, जब उन्होंने एक छात्र प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर सवाल उठाते हुए Gen-Z के एक वर्ग को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी, जिसके बाद कई लोगों ने उनके बयान की आलोचना की।

उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। कुछ लोगों ने इसे युवाओं के प्रति कठोर टिप्पणी बताया, जबकि कुछ ने कंगना के विचारों का समर्थन किया।

इस विवाद के बीच कंगना ने अपने नए पोस्ट के जरिए युवा पीढ़ी के साथ संवाद और जिम्मेदारी के मुद्दे पर अपना पक्ष रखा है।

Read more

Local News