इन दिनों युवाओं में Moto Vlogging का क्रेज काफी बढ़ता जा रहा है, और इसके लिए एक काबिल मोटरसाइकिल की जरूरत होती है, क्योंकि एक मोटरसाइकिल से लंबी यात्राएं करना आसान नहीं होता है. लंबी यात्राओं के लिए जहां एक ओर मजबूत मानसिक दृढ़ता की जरूरत होती है, वहीं एक ऐसी मशीन की भी ज़रूरत होती हैक, जो लंबे हाईवे, सड़कों की अप्रत्याशित स्थितियों और कभी-कभार आने वाले ऑफ-रोड रास्तों को बिना किसी परेशानी के आसानी से संभाल सके. अगर आप भी Moto Vlogging शुरू करना चाहते हैं, तो यहां हम आपको टॉप-5 मोटरसाइकिलों के बारे में बता रहें हैं, जो लंबी दूरी तय करने के लिए एकदम परफेक्ट हैं.
5. Triumph Scrambler 400 X
लिस्ट में पहला नाम Triumph Scrambler 400 X का है, जो उन लोगों के लिए एक ज़बरदस्त ऑप्शन है, जो स्टाइल से समझौता किए बिना फुर्ती चाहते हैं. इस मोटरसाइकिल में 349cc, सिंगल-सिलेंडर इंजन का इस्तेमाल किया जाता है, जो 37 bhp की पावर और 32 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है. यह इंजन मिड-रेंज में ज़बरदस्त परफॉर्मेंस देने के लिए ट्यून किया गया है.

वैसे तो इस इंजन का साइज़ छोटा किया गया है, लेकिन जब तक आप रेव रेंज के टॉप एंड तक नहीं पहुंचते हैं, इसकी पावर में आपको कोई अंतर समझ नहीं आता है. इसकी अपराइट राइडिंग पोज़िशन, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और पीछे के ABS को बंद करने की सुविधा, इसे अलग-अलग तरह के रास्तों पर चलाने के लिए ज़्यादा फ्लेक्सिबल बनाती है.
4. BMW F 450 GS
इस मोटरसाइकिल को कंपनी ने एक ज़्यादा प्रीमियम मिडिलवेट ADV के तौर पर पेश किया है, जिसमें 420cc का पैरेलल-ट्विन इंजन लगाया गया है. यह इंजन 48 bhp की पावर और 43 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है. यह सिंगल-सिलेंडर वाली दूसरी बाइकों के मुकाबले लंबी दूरी पर ज़्यादा स्मूद और बेहतर परफॉर्मेंस देती है.

कंपनी ने इस बाइक को कई तरह के टेक फ़ीचर्स से लैस किया है, जिनमें कई राइड मोड्स, लीन-सेंसिटिव ABS Pro, ट्रैक्शन कंट्रोल और कनेक्टिविटी के साथ 6.5-इंच का TFT डिस्प्ले शामिल है. बाइक में दोनों तरफ़ 180 mm के सस्पेंशन ट्रैवल और 19-17 इंच के व्हील कॉम्बिनेशन दिए गए हैं, और यह ऑफ़-रोड पर भी काफ़ी बेहतर बाइक है, साथ ही यह टूरिंग के दौरान मिलने वाले कम्फर्ट को भी प्राथमिकता देती है.
3. KTM 390 Adventure
लिस्ट में तीसरा नाम KTM 390 Adventure का है, जो ज़्यादा एग्रेसिव और टेक्नोलॉजी से भरपूर मशीन पसंद करने वाले राइडर्स को बहुत पसंद आएगी. जहां एक ओर यह बाइक दिखने में शानदार है, वहीं इसमें मिलने वाला अपडेटेड 349cc इंजन 40.93 bhp की पावर और 33.5 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है.

इस इंजन से मिड-रेंज में ज़बरदस्त परफॉर्मेंस मिलती है और हाईवे पर इस बाइक से ओवरटेक करना बेहद आसान हो जाता है. इस लेटेस्ट अपडेट के साथ, इस बाइक में एडजस्टेबल सस्पेंशन सेटअप और 19-17 इंच के व्हील्स तो बरकरार रखा गया है, इसके साथ ही बाइक में कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, कई राइड मोड्स और क्विकशिफ्टर जैसे एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स भी दिए गए हैं.
2. Royal Enfield Himalayan 450
लिस्ट में दूसरा नाम Royal Enfield Himalayan 450 का है, जोकि एडवेंचर टूरिंग करने वालों को बेहद पसंद आती है. यह बाइक एक ऐसी मोटरसाइकिल है, जो लंबी दूरी तय करने के लिए बेहद उपयुक्त है. इस बाइक में 452cc का लिक्विड-कूल्ड Sherpa इंजन इस्तेमाल किया जाता है, जो 40 bhp की पावर और 40 Nm का टॉर्क प्रदान करता है. यह बाइक ज़बरदस्त मिड-रेंज टॉर्क और बेहतरीन ऑफ़-रोड क्षमता प्रदान करता है.

यह बाइक टूरिंग और ऑफ-रोड दोनों परिस्थितियों के लिए उपयुक्त बैठती है, क्योंकि इसमें 21-इंच के फ्रंट व्हील, 230 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 200 mm का सस्पेंशन ट्रैवल मिलता है. ये सभी चीजें मिलकर उन स्थितियों में सबसे काबिल बाइकों में से एक बनाते हैं, जहां सड़कें पूरी तरह से खत्म हो जाती हैं. इसके साथ ही, नेविगेशन और राइडिंग मोड्स वाला TFT डैश इसे टूरिंग के लिए एक बेहद प्रैक्टिकल साथी बना देता है.
1. TVS Apache RTX 300
इस लिस्ट में विजेता स्थान पर TVS Apache RTX बैठती है, जो अपनी वैल्यू और वर्सेटाइल नेचर के मामले में एक मज़बूत दावेदार है. इस मोटरसाइकिल में 299cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया जाता है, जो लगभग 35 bhp की पावर और 28.5 Nm का टॉर्क प्रदान करता है. इसके इंजन को ज़बरदस्त तेज़ी के बजाय स्मूद परफॉर्मेंस देने के लिए ट्यून किया गया है.

इस बाइक की सबसे खास बात इसके फीचर्स हैं, जिनमें क्रूज़ कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, कई राइड मोड्स और नेविगेशन सपोर्ट वाला TFT डिस्प्ले शामिल है. बाइक में 180 mm का सस्पेंशन ट्रैवल, 200 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 19-17 इंच के व्हील सेटअप की वजह से यह मुश्किल रास्तों पर भी आसानी से चल सकती है.


