रांची: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की चयन पद परीक्षा चरण XIV/2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
परीक्षा 16 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। यह आदेश 20 सितंबर को छोड़कर निर्धारित अवधि के दौरान हर दिन सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
सदर एसडीओ ने जारी किया आदेश
अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराना है।
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास निम्न गतिविधियों पर रोक रहेगी:
- पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने पर प्रतिबंध
- ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक
- हथियार या अन्य हरवे-हथियार लेकर चलने की मनाही
- किसी बैठक या आमसभा के आयोजन पर प्रतिबंध
हालांकि सरकारी कार्य में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इस आदेश से बाहर रखा गया है।
रांची में बनाए गए हैं तीन परीक्षा केंद्र
SSC चरण XIV परीक्षा के लिए रांची में निम्नलिखित केंद्र निर्धारित किए गए हैं:
- आइडियल इंटरनेशनल स्कूल, दलादिली
- कैपस्टोन टेक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर, कांके
- कैम्ब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, तातिसिलवे
परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेगी।
सुरक्षा के लिए पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारियों तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़, अनधिकृत गतिविधियों और संभावित व्यवधान को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
