Thursday, September 10, 2026

SIR प्रक्रिया में दावा-आपत्ति की सुनवाई के लिए टोकन व्यवस्था, CEO ने दिए कई निर्देश.

Share

रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों की सुनवाई को व्यवस्थित बनाने के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर SIR समेत विभिन्न चुनावी कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में दावा-आपत्ति की सुनवाई, युवा मतदाताओं के पंजीकरण, इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) की गतिविधियों और मतदाता सेवाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरी करने को कहा गया।

भीड़ नियंत्रित करने के लिए टोकन सिस्टम

CEO ने निर्देश दिया कि दावा-आपत्ति की सुनवाई के दौरान अनावश्यक भीड़ न हो, इसके लिए टोकन सिस्टम अपनाया जाए। मामलों की सुनवाई क्रमवार करने और प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर देने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि दावों और आपत्तियों पर निर्णय लेने से पहले संबंधित दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों का उचित सत्यापन किया जाए। इसके बाद नियमों के अनुरूप फैसला लेने का निर्देश दिया गया।

कम फॉर्म-6 वाले बूथों पर विशेष निगरानी

के. रवि कुमार ने ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा जहां शून्य या 1 से 5 तक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। उन्होंने BLO के माध्यम से ऐसे युवाओं की पहचान करने का निर्देश दिया जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है।

पात्र युवाओं से फॉर्म-6 और जरूरी घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।

आवेदन और दस्तावेजों की निगरानी मजबूत करने का निर्देश

बैठक में साहिबगंज में सामने आई अनियमितता का भी संदर्भ आया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवेदन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन और निर्वाचन संबंधी डेटा तक प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ELC कार्यक्रमों की तैयारी अभी से करने का निर्देश

राज्यस्तरीय ELC कार्यक्रम 19 और 20 नवंबर को प्रस्तावित हैं। CEO ने इन कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते शुरू करने को कहा। इसके लिए ELC कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति कर उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने का निर्देश दिया गया।

स्कूल और कॉलेजों में ECINET का व्यापक प्रचार करने तथा विद्यार्थियों को डिजिटल मतदाता सेवाओं के इस्तेमाल के बारे में जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।

ऑनलाइन शिकायतों के त्वरित निपटारे पर जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने NVSP और ECINET की ‘Book a Call’ सुविधा के जरिए मिलने वाली शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला स्तर पर ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में SIR से लेकर मतदाता पंजीकरण और डिजिटल चुनावी सेवाओं तक सभी संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

Read more

Local News