सरायकेला-खरसावां: जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलने वाला यह अभियान 4 सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे।
अभियान के दौरान BLO परिवार में रहने वाले सदस्यों की जानकारी का मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र नागरिकों के नाम संबंधित मतदान केंद्र की सूची में दर्ज हों और किसी योग्य मतदाता का नाम छूट न जाए।
परिवार के सदस्यों की जानकारी होगी सत्यापित
BLO घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों और मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच करेंगे। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे सत्यापन के दौरान अपने तथा परिवार के अन्य पात्र सदस्यों की जानकारी ध्यानपूर्वक देखें। सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
डीसी ने लोगों से सहयोग की अपील की
सरायकेला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि BLO के घर पहुंचने पर परिवार के सभी पात्र सदस्यों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची में किसी गलती की स्थिति में समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
घरों पर लगाए जा रहे ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर
मतदाता सूची के सत्यापन अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संबंधित घरों पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य इसके जरिए परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करना है।
मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक 1950 हेल्पलाइन का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET के माध्यम से भी निर्वाचन संबंधी जानकारी हासिल की जा सकती है।
