Simdega: सिमडेगा के हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम में हालिया चोरी की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। शनिवार को एसडीओ सुमंत तिर्की की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई, जिसमें म्यूजियम की सुरक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
CCTV की संख्या बढ़ाने का फैसला
बैठक में म्यूजियम परिसर की निगरानी व्यवस्था बेहतर करने के लिए CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके अलावा सुरक्षा के लिए एक होमगार्ड जवान की तैनाती करने का भी निर्णय लिया गया।
एसडीओ ने म्यूजियम के संचालन से जुड़ी जेएसएलपीएस की तीन सदस्यों को परिसर में हर समय मौजूद रहने का निर्देश दिया है, ताकि गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा सके और किसी भी तरह की समस्या पर तत्काल कार्रवाई संभव हो।
म्यूजियम और लाइब्रेरी के विकास पर भी चर्चा
बैठक में सुरक्षा के साथ-साथ हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम के विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। परिसर में संचालित लाइब्रेरी को बेहतर बनाने और म्यूजियम की सुविधाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की, अधिवक्ता प्रभात श्रीवास्तव, आशीष शास्त्री समेत कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
