रांची: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की लेवल-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में रांची रेल मंडल ने रेल मुख्यालय, गार्डेनरीच को प्रस्ताव भेजा है। अंतिम निर्णय मुख्यालय की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।
रेलवे भर्ती परीक्षा का आयोजन 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 के बीच तीन चरणों में किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की परीक्षा 3 से 6 अगस्त, दूसरे चरण की 9 से 14 अगस्त और तीसरे चरण की 17 से 21 अगस्त तक आयोजित होगी।
परीक्षा के लिए रांची, जमशेदपुर, धनबाद और राउरकेला समेत कई शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रेलवे के अनुमान के अनुसार परीक्षा अवधि में प्रतिदिन रांची में लगभग 8,250, धनबाद में 2,805, राउरकेला में 1,920, जमशेदपुर में 1,635, बोकारो में 690 और डालटनगंज में करीब 660 अभ्यर्थी पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनें चलाने और अतिरिक्त कोच उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
रेल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों की आवाजाही सुचारु रहे और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
रांची रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान यात्रियों की संख्या के अनुसार आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। यदि अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत महसूस होती है, तो मुख्यालय की स्वीकृति मिलने के बाद उनका संचालन किया जाएगा।
