Sunday, August 2, 2026

Ranchi News: सावन की पहली सोमवारी के लिए राजधानी के शिव मंदिर तैयार, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष फोकस.

Share

रांची: सावन माह की पहली सोमवारी को लेकर राजधानी रांची के प्रमुख शिव मंदिरों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और मंदिर समितियों को सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। विशेष रूप से पहाड़ी मंदिर में देर रात से ही कांवरियों और भक्तों का आगमन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

पहाड़ी मंदिर के अलावा सुरेश्वर धाम, लिंगेश्वर मंदिर, अरगोड़ा स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर और श्री इक्कीसो महादेव धाम सहित कई प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक की अलग व्यवस्था की गई है। पहाड़ी मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं पर जल अर्पित करने के लिए विशेष अर्घा प्रणाली भी स्थापित की गई है।

भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिरों के बाहर पूजन सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। प्रसाद विक्रेताओं ने नारियल, बेलपत्र, फूल-मालाएं, अगरबत्ती और अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पहली सोमवारी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। प्रमुख मंदिरों, विशेषकर पहाड़ी मंदिर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इन मार्गों से केवल पैदल श्रद्धालुओं और कांवरियों को ही आने-जाने की अनुमति रहेगी।

इस बीच पूजा सामग्री की कीमतों में भी पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बाजार में नारियल की कीमत अब लगभग 40 से 45 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि पिछले साल यह 30 से 35 रुपये के बीच बिक रहा था। दुकानदारों का कहना है कि परिवहन और अन्य लागत बढ़ने के कारण पूजन सामग्री महंगी हुई है। हालांकि, बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद श्रद्धालुओं की खरीदारी और उत्साह में कोई खास कमी नहीं देखी जा रही है।

Read more

Local News