Medininagar: पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की।
मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की। उन्होंने दवा, जांच, इलाज और अस्पताल की अन्य सुविधाओं को लेकर उनकी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर डीसी ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
लैब और जांच केंद्र का भी किया निरीक्षण
डीसी ने अस्पताल के जांच केंद्र और लैब का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और रक्त जांच सहित सामान्य जांचों की व्यवस्था के बारे में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही लैब में मौजूद उपकरणों और संसाधनों की स्थिति की भी समीक्षा की।
ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाएं देखीं
इसके बाद उपायुक्त ने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों और अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में नए उपकरण उपलब्ध कराने और आवश्यक संसाधनों को बढ़ाने को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने चिकित्सकों और संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था को लगातार मजबूत करने पर काम किया जाना चाहिए।
