रांची। झारखंड में NEET UG 2026 के जरिए MBBS, BDS और BHMS पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर JCECEB ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। राज्य कोटा की मेडिकल, डेंटल और होम्योपैथी सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 11 अगस्त 2026 निर्धारित थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया अब 13 अगस्त की रात 12 बजे तक चलेगी।
14 अगस्त को जारी होगी स्टेट मेरिट लिस्ट
JCECEB के नए शेड्यूल के मुताबिक NEET UG 2026 के आधार पर तैयार स्टेट मेरिट लिस्ट 14 अगस्त को जारी की जाएगी। पहले मेरिट लिस्ट जारी करने की तारीख 12 अगस्त तय की गई थी।
इसी दिन पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और कॉलेज च्वाइस भरने की प्रक्रिया भी शुरू होगी। उम्मीदवार 19 अगस्त तक काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और पसंद के संस्थानों का चयन कर सकेंगे।
13 अगस्त को आवेदन में सुधार का मौका
जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है, उनके लिए भी आवेदन में आवश्यक बदलाव करने का अवसर दिया गया है। उम्मीदवार 13 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक अपने आवेदन में सुधार कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि फॉर्म में दर्ज व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी को अंतिम रूप से जमा करने से पहले अच्छी तरह जांच लें।
20 अगस्त को च्वाइस करेक्शन
काउंसलिंग के दौरान भरी गई कॉलेज और पाठ्यक्रम की पसंद में बदलाव के लिए 20 अगस्त 2026 को विशेष अवसर दिया जाएगा। इसके बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
22 से 28 अगस्त तक अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड
सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार 22 से 28 अगस्त के बीच अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। आवंटित संस्थान और सीट से संबंधित जानकारी उम्मीदवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई जाएगी।
23 से 28 अगस्त तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन
जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 23 अगस्त से 28 अगस्त 2026 के बीच संबंधित संस्थान में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसी अवधि में दाखिले की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित संस्थान में उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
बाकी नियमों में बदलाव नहीं
JCECEB के अनुसार संशोधित कार्यक्रम में केवल तारीखों में बदलाव किया गया है। 6 अगस्त को जारी विज्ञापन में उल्लेखित अन्य नियम, पात्रता और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग और एडमिशन से जुड़ी नई सूचनाओं के लिए JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट के Important Notice सेक्शन को नियमित रूप से देखते रहें।
