Tuesday, August 25, 2026

NEET-PG 2026: रांची में 30 अगस्त को परीक्षा, केंद्रों के 200 मीटर दायरे में लागू रहेगी पाबंदी.

Share

रांची: NEET-PG 2026 परीक्षा के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा 30 अगस्त 2026 को आयोजित होगी। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से परीक्षा कराने के लिए केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगी पाबंदी

प्रशासन के आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुबह 6:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी।

यह आदेश रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी किया है। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि रोकना इसका उद्देश्य है।

इन गतिविधियों पर रहेगी रोक

निषेधाज्ञा की अवधि में परीक्षा केंद्रों के आसपास:

  • पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक रहेगी।
  • लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
  • हथियार या किसी तरह का हरवा-हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
  • बैठक या आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि सरकारी काम में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रमों तथा शवयात्रा को निर्धारित प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

चार केंद्रों पर होगी परीक्षा

रांची में NEET-PG परीक्षा के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं:

  1. Ram Tahal Choudhary Institute of Technology (RTCIT), आनंदी, ओरमांझी ब्लॉक चौक
  2. Arununma Technical Services Pvt. Ltd., प्रगति पथ, रोड नंबर-6, सामलोंग, लोअर चुटिया
  3. ICube Digital, मेडांता अस्पताल के पास, कैफेटेरिया बिल्डिंग, इरबा
  4. Oxford Public School, ओल्ड एचबी रोड, प्रगति पथ, रांची

सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती

परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसका मकसद परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। इससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी कराने में मदद मिलेगी।

Read more

Local News