Monday, June 1, 2026

NASA ने बताया कि नॉर्थ-ईस्ट US में एक उल्कापिंड फटा, जिससे 300 टन TNT के बराबर एनर्जी निकली और तेज़ धमाकों से लोग चौंक गए.

Share

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने जानकारी दी है कि बीते शनिवार को धरती की तरफ़ आ रहा एक उल्कापिंड उत्तर-पूर्वी अमेरिका के ऊपर ही एक जोरदार धमाके के साथ फट गया. इस धमाके से 300 टन TNT के बराबर जितनी ऊर्जा और आवाज उत्पन्न हुई.

अमेरिकी स्पेस एजेंसी की डिप्टी न्यूज़ चीफ़ जेनिफ़र डोरेन ने AFP को दिए एक बयान में बताया कि “आग का गोला दोपहर 2:06 बजे (1806 GMT) उत्तर-पूर्वी मैसाचुसेट्स और दक्षिण-पूर्वी न्यू हैम्पशायर के ऊपर टूटा.”

अपने बयान में उन्होंने कहा कि, “यह आग का गोला किसी भी मौजूदा एक्टिव उल्कापिंड की बारिश से जुड़ा नहीं था, बल्कि यह एक कुदरती चीज़ थी, न कि स्पेस में किसी मलबे या सैटेलाइट की वापसी.” उन्होंने आगे कहा कि, “इस उल्कापिंट के फटने पर निकली एनर्जी लगभग 300 टन TNT के बराबर होने का अंदाज़ा है, जिससे तेज़ धमाके हुए.”

डोरेन ने कहा कि जब उल्कापिंड फटा, तो वह 40 मील की ऊंचाई पर 75,000 mph (1,20,000 kph से ज़्यादा) की रफ़्तार से नीचे गिर रहा था. उल्कापिंड में हुए अचानक तेज़ धमाकों से इलाके के लोग घबरा गए. इस धमाके बाद सोशल मीडिया यूज़र्स ने बताया कि ये इतने ज़ोरदार थे कि उनके घर हिल रहे थे.

NASA ने X पर एक पोस्ट में कहा कि, “न्यू इंग्लैंड में चश्मदीदों और NOAA के GOES-19 सैटेलाइट ने शनिवार, 30 मई को दोपहर 2:06 बजे EDT पर एक चमकदार आग का गोला देखा, जिसके साथ तेज़ आवाज़ भी आई. ऐसा लगता है कि उल्का उत्तर-पूर्व MA और दक्षिण-पूर्व NH के ऊपर 40 मील की ऊंचाई पर फट गया. फटने पर निकली एनर्जी लगभग 300 टन TNT के बराबर होने का अनुमान है, जिससे तेज़ आवाज़ आई.” NASA ने आगे बताया कि चश्मदीदों के बयान अमेरिकन मेटियोर सोसाइटी ने दिए थे.

बता दें कि इससे पहले साल 2013 में रूस के चेल्याबिंस्क के ऊपर एक आग का गोला दिखा था. NASA ने कहा कि घर के आकार का यह स्पेस रॉक ज़मीन से 14 मील ऊपर फट गया, जिससे 4,40,000 टन TNT के बराबर धमाका हुआ था. उस धमाके से 200 स्क्वेयर मील (518 स्क्वेयर किलोमीटर) से ज़्यादा के दायरे में आने वाली इमारतों की खिड़कियां उड़ गईं, जिससे 1,600 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

Read more

Local News