Wednesday, November 4, 2026

Mobile Recharge Price Hike: मोबाइल रिचार्ज फिर हो सकते हैं महंगे, 12 से 15% तक बढ़ने का अनुमान.

Share

नई दिल्ली: मोबाइल यूजर्स के लिए आने वाले महीनों में टेलीकॉम खर्च बढ़ सकता है। एक ताजा रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि अगले चार से पांच महीनों के दौरान देश में मोबाइल टैरिफ यानी रिचार्ज प्लान की कीमतों में 12 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टेलीकॉम बाजार में प्रमुख कंपनियों की संख्या सीमित होने के बाद प्रतिस्पर्धा का स्वरूप बदल गया है। फिलहाल रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और सरकारी कंपनी बीएसएनएल प्रमुख खिलाड़ी हैं। रिपोर्ट का अनुमान है कि कंपनियां अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने, नेटवर्क विस्तार और 5G पर किए गए निवेश की भरपाई के लिए टैरिफ बढ़ा सकती हैं।

कंपनियों की प्रति ग्राहक कमाई बढ़ने का अनुमान

रिपोर्ट में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए निजी क्षेत्र की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के ARPU (Average Revenue Per User) में 0.8 से 2 प्रतिशत तक वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।

इसकी एक वजह ग्राहकों का 2G से 4G और 5G सेवाओं की ओर बढ़ता रुझान माना गया है। इसके अलावा पोस्टपेड कनेक्शन की संख्या बढ़ने से भी कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत आय में सुधार की उम्मीद है।

Jio को मिल सकते हैं 80 लाख नए ग्राहक

रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो दूसरी तिमाही में करीब 80 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है। इससे उसका कुल ग्राहक आधार लगभग 54.1 करोड़ पहुंचने का अनुमान है। कंपनी का ARPU करीब 1 प्रतिशत बढ़कर ₹218 प्रति माह हो सकता है।

5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) और फाइबर ब्रॉडबैंड सेवाओं के विस्तार से जियो के राजस्व में करीब 2.6 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।

Airtel का ARPU ₹269 तक पहुंचने की उम्मीद

भारती एयरटेल के करीब 30 लाख नए वायरलेस ग्राहक जोड़ने का अनुमान है। इससे कंपनी का कुल ग्राहक आधार लगभग 38 करोड़ हो सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल का ARPU करीब 2 प्रतिशत बढ़कर ₹269 प्रति माह के स्तर पर पहुंच सकता है। इस लिहाज से प्रमुख निजी टेलीकॉम कंपनियों में एयरटेल की प्रति ग्राहक कमाई सबसे अधिक रहने का अनुमान है।

Vodafone Idea के लिए भी राहत की उम्मीद

लंबे समय से वित्तीय और ग्राहक आधार से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही वोडाफोन आइडिया (VIL) के ग्राहक आधार में भी मामूली बढ़ोतरी का अनुमान है। कंपनी करीब 10 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है, जिससे उसका कुल यूजर बेस लगभग 19.4 करोड़ हो सकता है।

VIL का ARPU करीब ₹178 प्रति माह रहने का अनुमान लगाया गया है।

5G विस्तार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

रिपोर्ट के अनुसार, जियो और एयरटेल देश के 95 प्रतिशत से अधिक जिलों में 5G सेवा पहुंचा चुकी हैं। अब कंपनियों का फोकस 5G स्मार्टफोन और अन्य संगत डिवाइसों की संख्या बढ़ाने पर है।

वहीं वोडाफोन आइडिया फिलहाल करीब 200 शहरों में 5G सेवा उपलब्ध करा रही है। कंपनी कथित तौर पर करीब ₹25,000 करोड़ के कर्ज के लिए बैंकों से बातचीत कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले तीन वर्षों में 5G नेटवर्क के विस्तार के लिए करीब ₹45,000 करोड़ के निवेश की योजना हो सकती है।

नेटवर्क विस्तार का फायदा टावर कंपनियों को

टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क विस्तार का लाभ इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों को भी मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट में इंडस टावर्स के राजस्व में करीब 1.7 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। वहीं डेटा और डिजिटल सेवाओं के कारण टाटा कम्युनिकेशंस के राजस्व में लगभग 1.6 प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

हालांकि, रिचार्ज प्लान की कीमतों में 12-15 प्रतिशत बढ़ोतरी फिलहाल रिपोर्ट का अनुमान है। अंतिम कीमतें टेलीकॉम कंपनियों की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगी।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News