Maha Kumbh Mela 2025 में जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नियमों में बदलाव किए हैं। अब अनारक्षित टिकट 15 दिन पहले बुक किए जा सकते हैं और रिफंड की समय सीमा 6 घंटे हो गई है। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। मुख्य स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।Maha Kumbh Mela 2025 विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक मेले में यात्रियों के लिए रेलवे ने अपने कई नियमों में बदलाव कर दिए हैं। श्रद्धालु ऑनलाइन अनारक्षित टिकट 15 दिन पहले बुक कर सकेंगे। इसके लिए शर्त यह होगी कि दूरी दो सौ किलोमीटर अथवा उससे अधिक हो। इससे पहले 72 घंटे पहले तक ही अनारक्षित टिकट लिया जा सकता था।
टिकट रिफंड की समय सीमा बढ़ाकर छह घंटे कर दी गई है, जो पहले तीन घंटे थी। रेलवे स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी बदल गई है। अब यात्रियों को प्रथम द्वार से प्रवेश मिलेगा और द्वितीय द्वार से बाहर निकलना होगा। प्रयागराज जंक्शन समेत छिवकी, नैनी जंक्शन, प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने रविवार से नई व्यवस्था लागू कर दी।
मुख्य स्नान पर्वों पर भीड प्रबंधन के लिए प्रशासन ने अपना रूट मैप भी तैयार कर लिया है। प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज , प्रयागराज छिवकी, नैनी स्टेशनों पर मुख्य स्नान पर्व- पौष पूर्णिमा (12 जनवरी), मकर संक्रांति (14 जनवरी), मौनी अमावस्या (29 जनवरी), बसंत पंचमी (तीन फरवरी), माघी पूर्णिमा (12 फरवरी) एवं महाशिवरात्रि (26 फरवरी) पर विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।


