प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn में मैनेजमेंट में एक बड़ा बदलाव किया गया है, और Microsoft के मालिकाना हक वाली कंपनी ने बुधवार जानकारी दी कि वह अपने CEO पद में बदलाव करने वाली है. इसके अलावा, LinkedIn के इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट अब एक नई भूमिका नजर आएंगे, जिसमें वे Microsoft के प्लेटफॉर्म्स की देखरेख करेंगे.
हालांकि, ये दोनों एग्जीक्यूटिव्स LinkedIn के निवर्तमान CEO को ही रिपोर्ट करते रहेंगे, क्योंकि वे Microsoft में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर अपना काम करना जारी रखेंगे. ध्यान देने वाली बात यह है कि यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब कंपनी अपने प्रोडक्ट्स, जैसे कि Microsoft Office Suite में AI को और गहराई से इंटीग्रेट करने पर फोकस कर रही है.
रायन रोस्लान्स्की Microsoft में कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में करेंगे काम
इस प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में, रयान रोस्लान्स्की ने जानकारी दी है कि उन्होंने LinkedIn के CEO के पद से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, यह एग्जीक्यूटिव Microsoft में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम जारी रखेंगे, और Microsoft के प्लेटफॉर्म्स और उसके Office Suite के डेवलपमेंट की देखरेख करेंगे.
उन्होंने कहा कि, “AI लोगों के काम करने और अपने करियर में आगे बढ़ने के तरीके को, ज़्यादातर लोगों की उम्मीद से कहीं ज़्यादा तेज़ी से बदल देगा. और LinkedIn और Office इस बदलाव के केंद्र में होंगे.”
जानकारी के अनुसार, रोस्लान्स्की ने डैनियल शैपेरो को अपना उत्तराधिकारी बनाया है, जिन्होंने कंपनी के नए प्रमुख के तौर पर पहले ही कार्यभार संभाल लिया है. शैपेरो को नया CEO क्यों बनाया गया, इस पर रोस्लान्स्की ने कहा कि, “वह हमारे सदस्यों और ग्राहकों को जानते हैं, और हमारे मिशन को जिस तरह से आगे बढ़ाते हैं, वह सचमुच बहुत ही अनोखा है.”
इसके अलावा, निवर्तमान CEO ने यह भी घोषणा की है कि कंपनी के भारतीय मूल के इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, मोहक श्रॉफ भी अपनी मौजूदा भूमिका से हट रहे हैं. बताया जा रहा है कि वे Microsoft के अंदर ही पदोन्नत होकर ‘प्लेटफ़ॉर्म्स और डिजिटल वर्क’ के प्रेसिडेंट का कार्यभार संभालने वाले हैं.
मोहक श्रॉफ Microsoft के स्वामित्व वाले टेक्नोलॉजी प्लेटफ़ॉर्म्स का नेतृत्व करेंगे, और साथ ही LinkedIn तथा Microsoft Office में दीर्घकालिक इनोवेशन पर भी अपना ध्यान केंद्रित करेंगे. वैसे तो, रोस्लान्स्की ने कंपनी के CEO का पद छोड़ दिया है, लेकिन अपनी नई भूमिकाओं में आने वाले दोनों एग्जीक्यूटिव सीधे उन्हें ही रिपोर्ट करेंगे.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उन्होंने मई 2009 में Chief Product Officer के तौर पर LinkedIn जॉइन किया था. इसके बाद मई 2020 में उन्हें प्रमोट करके कंपनी का CEO बनाया गया. इस पद पर वे 5 साल 11 महीने तक रहे. हालांकि, रोस्लान्स्की ने Microsoft में Executive Vice President का पद पिछले साल जून में ही संभाला था.
शेपेरो, रोस्लान्स्की की तुलना में ज़्यादा समय से LinkedIn से जुड़े हुए हैं. उन्होंने साल 2008 में ग्लोबल सेल्स के वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर कंपनी को जॉइन किया था. इसके बाद साल 2014 में उन्हें प्रमोट करके वाइस-प्रेसिडेंट प्रोडक्ट के पद पर नियुक्त किया गया. बता दें कि शेपेरो ने फरवरी 2019 से जनवरी 2021 के बीच LinkedIn में चीफ बिज़नेस ऑफिसर के तौर पर भी काम किया है. इसके बाद जनवरी 2021 में, उन्होंने आखिरकार अपने पुराने पद, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर का कार्यभार संभाल लिया.
LinkedIn के CEO का पदभार संभालते हुए Shapero ने कहा कि, “जैसे ही मैं यह भूमिका संभाल रहा हूं, ठीक वैसे ही जैसे मैंने अतीत में नई ज़िम्मेदारियों को निभाया है, मैं शुरुआत सीखने और सुनने से करूंगा. हमारी टीम, सदस्यों, क्रिएटर्स और ग्राहकों से जुड़ूंगा, जिनमें से हर कोई LinkedIn को एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म बनाता है, जो आर्थिक अवसर पैदा करने में मदद करता है.”


