Saturday, April 25, 2026

IPL 2026 में आज दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदारबाद से होगा.

Share

जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज (25 अप्रैल) शाम दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा. ये मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा. दोनों टीमें एक-एक बार ट्रॉफी जीत चुकी हैं. राजस्थान टूर्नामेंट के पहले सीजन 2008 में चैंपियन बनी थी, जबकि हैदराबाद 2016 खिताबी मुकाबला जीती थी.

IPL 2026 का पहला रीमैच
यह IPL 2026 का पहला रीमैच होगा. SRH और RR इससे पहले 13 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में आमने-सामने आए थे. जहां SRH ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था, और 216 रन बनाने के बाद RR को 19 ओवरों में सिर्फ 159 रनों पर ऑल आउट करके मैच 57 रनों से जीत लिया था.

अंक तालिका में दोनों टीमों के स्थान
SRH दिल्ली कैपिटल्स पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद इस मुकाबले में उतर रही है. उन्होंने सात में से चार मैच जीते हैं और आठ अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर हैं. वहीं राजस्थान रॉयल्स भी अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) पर बड़ी जीत दर्ज करने के बाद इस मैच में उतर रही है. उन्होंने सात में से पांच मैच जीते हैं और 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर हैं.

वैभव-अभिषेक पर होगी सबकी नजर
आज के मैच में सबकी नजर दोनों टीमों के ओपनर्स पर रहेगी. राजस्थान की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल अपनी टीम को शानदार शुरुआत दे रहे हैं. तो हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ताबड़तोड़ आगाज करने के लिए जाने जाते हैं. दोनों ने इस सीजन अब तक 393 रन बनाए हैं जबकि वैभव और जायसवाल ने 360 रन बटोरे हैं. इस मैच में भी दोनों टीमें अपने अपनरों से अच्छी पारी खेलने की उम्मीद कर रही होंगी.

हेड टू हेड
अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 22 मैचों में SRH का पलड़ा भारी रहा है. उन्होंने 13 मैच में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान को 9 मैच में जीत मिली है. वहीं दोनों टीमों के बीच हुए पिछले पांचों मैचों में SRH ने ही जीत दर्ज की है. जबकि जयपुर में मुकाबला 2-2 से बराबरी पर है.

दोनों टीमों का स्क्वाड

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, शिवम मावी, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, गेराल्ड कोएत्ज़ी, हर्ष दुबे। अमित कुमार, जीशान अंसारी, दिलशान मदुशंका.

राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिम्रोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा.

Read more

Local News