Wednesday, July 29, 2026

Latehar News: ‘बेटियों का सम्मान और सशक्तिकरण समाज की जिम्मेदारी’, कार्यक्रम में बोले डीसी.

Share

लातेहार: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मंगलवार को सदर अस्पताल, लातेहार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने अस्पताल में जन्मी नवजात बेटियों की माताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें अभियान से संबंधित उपहार किट और फल भेंट किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और देश की अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि उनके स्वस्थ, सुरक्षित और शिक्षित भविष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान केवल सरकारी योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का व्यापक प्रयास है। बेटियों को जन्म से लेकर शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और समान अवसर उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने बताया कि महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी राज्य या देश का समग्र विकास महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण से ही संभव है।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Read more

Local News