Thursday, September 17, 2026

JVM श्यामली के पूर्व छात्र शिखर मोहन का बड़ा चयन, ईरानी ट्रॉफी में Rest of India टीम का हिस्सा.

Share

रांची: झारखंड के युवा क्रिकेटर शिखर मोहन ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रांची के JVM श्यामली स्कूल के पूर्व छात्र शिखर को ईरानी ट्रॉफी के लिए ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ की 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा की है।

ईरानी ट्रॉफी में शिखर को देश के कई चर्चित खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। वह ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकते हैं।

बाएं हाथ की बल्लेबाजी और स्पिन गेंदबाजी उनकी पहचान

शिखर मोहन बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज हैं। जरूरत पड़ने पर वह स्लो लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उनकी ऑलराउंड क्षमता और घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन को चयन की प्रमुख वजहों में माना जा रहा है।

स्कूल स्तर से ही शिखर ने क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाई थी। उन्होंने वर्ष 2022 में JVM श्यामली से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 2022-23 सत्र में उन्हें झारखंड अंडर-19 टीम की कप्तानी सौंपी गई। उन्होंने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में टीम का नेतृत्व किया।

रणजी से दलीप ट्रॉफी तक दिखाया दम

शिखर ने झारखंड प्रीमियर लीग के साथ-साथ रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंटों में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। इन प्रतियोगिताओं में उनके बल्ले से कई शतक और अर्धशतक निकले हैं।

लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब उन्हें ईरानी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित मुकाबले में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिला है।

स्कूल प्रबंधन ने जताई खुशी

शिखर के चयन पर JVM श्यामली के प्राचार्य बीएन झा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि शिखर में भी पूर्व छात्र महेंद्र सिंह धोनी की तरह विशेष प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता दिखाई देती है। स्कूल प्रबंधन ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का अवसर बताया है।

शिखर के चयन से झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह है। अब सभी की नजरें ईरानी ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।

Read more

Local News