Thursday, November 12, 2026

JTET 2026: OMR और एडमिट कार्ड की त्रुटियों पर शिक्षक संघ ने उठाई आवाज, CM और राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग.

Share

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के बाद OMR शीट और एडमिट कार्ड में सामने आई त्रुटियों को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने चिंता जताई है। संघ ने इन गड़बड़ियों के कारण अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका व्यक्त करते हुए राज्यपाल, मुख्यमंत्री और झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) के सचिव से हस्तक्षेप करने की मांग की है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए हैं। संघ का कहना है कि परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर अभ्यर्थी अपनी OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की सीरीज (S, T, U, V) का गोला नहीं भर सके। आरोप है कि कई परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की ओर से OMR भरने की प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों को उचित मार्गदर्शन नहीं दिया गया। ऐसे में इस चूक के लिए केवल अभ्यर्थियों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

एडमिट कार्ड में भी सामने आईं कई गड़बड़ियां

संघ ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और एडमिट कार्ड में हुई तकनीकी त्रुटियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। संघ के अनुसार, आवेदन पोर्टल में तकनीकी खामियों के कारण कई लैंग्वेज टीचर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में विषय के रूप में सोशल स्टडीज दर्ज हो गया है।

इसके अलावा कई अभ्यर्थियों के नाम, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम, लिंग, आरक्षण श्रेणी और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित विवरण में भी गलतियां सामने आई हैं। संघ का मानना है कि ऐसी त्रुटियों का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।

करीब 10 साल बाद हुई परीक्षा, अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर

संघ ने कहा कि लगभग 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद JTET परीक्षा आयोजित की गई है। अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए वर्षों तक मेहनत और तैयारी की है। ऐसे में तकनीकी या प्रक्रियागत गलतियों के कारण उनका भविष्य प्रभावित होना दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

शिक्षक संघ ने रखीं ये प्रमुख मांगें

झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने जैक और राज्य सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।

  1. जिन अभ्यर्थियों ने OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका का सीरीज कोड नहीं भरा है, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं का परीक्षा केंद्र और उपलब्ध प्रश्न-पुस्तिका रिकॉर्ड से मिलान कर मूल्यांकन किया जाए।
  2. केवल सीरीज कोड नहीं भरने या आवेदन में हुई लिपिकीय त्रुटियों के आधार पर किसी भी अभ्यर्थी का रिजल्ट रद्द या लंबित नहीं रखा जाए।
  3. एडमिट कार्ड और ऑनलाइन आवेदन में गलत विवरण दर्ज होने से प्रभावित अभ्यर्थियों को सुधार का अवसर दिया जाए।
  4. प्रमाण-पत्रों के भौतिक सत्यापन के माध्यम से अभ्यर्थियों की वास्तविक शिक्षक श्रेणी निर्धारित की जाए।
  5. अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए जैक कार्यालय में विशेष सुधार शिविर या हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाए।
  6. जैक की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों के बीच बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सके।

संघ ने राज्य सरकार और जैक से मांग की है कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि विभागीय और तकनीकी लापरवाही का नुकसान मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को न उठाना पड़े।

Read more

Local News