Friday, October 30, 2026

JTET परीक्षा को लेकर गुमला प्रशासन अलर्ट, सोशल मीडिया पर भी होगी निगरानी

Share

गुमला | 30 अक्टूबर 2026

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के सफल और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर गुमला जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर उपायुक्त दिलेश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में अधिकारियों और परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक की।

बैठक में दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन, सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े जरूरी निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन की अगुवाई में होगी परीक्षा

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि इस बार परीक्षा का संचालन किसी बाहरी एजेंसी के बजाय सीधे जिला प्रशासन के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने और राज्य सरकार की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

निर्देश दिया गया कि परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले वीक्षकों को प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए जाएं।

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की होगी जांच

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र की बारीकी से जांच की जाएगी। फोटो या हस्ताक्षर में किसी तरह की विसंगति मिलने पर पहचान पत्र से उसका मिलान किया जाएगा।

इसके अलावा प्रशासन ने सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों को सक्रिय रखने, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुगम व्यवस्था करने और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगी कड़ी सुरक्षा

एसपी हारिस बिन जमां ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने को कहा। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी नहीं होने देने पर भी जोर दिया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर

परीक्षा के दौरान अफवाह और भ्रामक सूचनाएं फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखेगा। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को सक्रिय किया गया है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध सूचना की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, एसडीओ अखिलेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News