Ranchi News | 2 नवंबर 2026: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के तहत आयोजित संताली भाषा की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। यह परीक्षा 19 जुलाई 2026 को हुई थी। प्रश्न पत्र में कई तरह की खामियां सामने आने के बाद आयोग ने इसे दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
प्रश्न पत्र में मिलीं कई गड़बड़ियां
परीक्षा संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों ने संताली भाषा के प्रश्न पत्र को लेकर आयोग से शिकायत की थी। इन आपत्तियों की गंभीरता को देखते हुए JSSC ने प्रश्न पत्र की समीक्षा विषय विशेषज्ञों से कराई।
विशेषज्ञों की जांच में कुछ प्रश्नों को अस्पष्ट और त्रुटिपूर्ण पाया गया। वहीं, प्रश्न पत्र में ऐसे सवाल भी शामिल होने की बात सामने आई, जो निर्धारित पाठ्यक्रम के दायरे से बाहर थे।
सभी अभ्यर्थियों को फिर देना होगा परीक्षा
विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने 19 जुलाई को हुई संताली भाषा की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। आयोग का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय किया गया है।
इस परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नई तारीख का इंतजार, वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी
फिलहाल पुनर्परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। आयोग की ओर से जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम और इससे संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।
आधिकारिक वेबसाइट: www.jssc.nic.in
Bharat Superfast News | रांची
