रांची। विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलन कर रहे JPSC अभ्यर्थियों और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ छात्रों से बातचीत की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
सुदेश महतो के मुताबिक सरकार ने छात्रों की समस्याओं पर चर्चा के लिए तीन मंत्रियों को जिम्मेदारी दी थी। मुख्यमंत्री की ओर से भी युवाओं की चिंताओं को समझने और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया था। ऐसे में बातचीत की प्रक्रिया के बाद आंदोलनकारियों पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
घायल छात्रों से मिले सुदेश महतो
आजसू अध्यक्ष मंगलवार को जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे और वहां आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों से उनकी समस्याओं और आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं के बारे में जानकारी ली।
सुदेश महतो ने कहा कि कई छात्र उपचार करा रहे हैं और कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। उनके अनुसार छात्रों में अपनी मांगों को लेकर आक्रोश के साथ व्यवस्था के प्रति नाराजगी और निराशा भी दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि युवा अपने भविष्य को लेकर सवाल उठा रहे हैं। रोजगार, न्याय और पारदर्शी व्यवस्था की मांग करना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपराध नहीं माना जाना चाहिए। उनके मुताबिक छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।
गांधी प्रतिमा के सामने आजसू ने जताया विरोध
छात्रों से मुलाकात के बाद सुदेश महतो के नेतृत्व में आजसू कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने सरकार से आंदोलन को लेकर संवेदनशील रुख अपनाने की मांग की।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह विषय केवल आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
आजसू ने सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
आजसू पार्टी ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पार्टी के अनुसार आंदोलन में घायल छात्रों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। इसके अलावा पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों की मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने की मांग की गई है।
विरोध कार्यक्रम में आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
