25 नवंबर 2026 | रांची
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। लंबी चर्चा के बाद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर की ओर से पेश सरकार का संकल्प सदन में मंजूर कर लिया गया। इसमें SIR की मौजूदा प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने, समयसीमा बढ़ाने और इसे आसान बनाने की मांग की गई है।
सरकार का कहना है कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से बाहर न हो। संकल्प में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी शामिल किए जाने की बात कही गई है।
पश्चिम बंगाल के उदाहरण से जताई गई चिंता
सदन में पेश संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए SIR का उदाहरण दिया गया। सरकार के अनुसार, वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि अपीलों पर सुनवाई के लिए गठित ट्रिब्यूनलों के पास 38 लाख से ज्यादा आवेदन पहुंचे।
झारखंड सरकार ने आशंका जताई कि राज्य में भी इसी तरह की स्थिति बनने पर बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।
मौजूदा प्रक्रिया रोककर नए सिरे से तैयारी की मांग
सरकार ने स्पष्ट किया कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण की अवधारणा के विरोध में नहीं है। हालांकि, मौजूदा प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा करने की मांग की गई है।
संकल्प के मुताबिक, पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के बाद ही SIR की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू की जानी चाहिए। इसके अलावा इसकी समयसीमा बढ़ाने की मांग भी रखी गई है।
मताधिकार को बताया संवैधानिक अधिकार
संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। सरकार का तर्क है कि दस्तावेजों या प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए।
सरकार ने सदन से मंजूर संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग और अन्य संबंधित प्राधिकारों के पास भेजने का प्रस्ताव भी रखा है।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं को लेकर सरकार की चिंता
संकल्प में राज्य सरकार ने दावा किया है कि झारखंड के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटाए गए हैं या जिन्हें संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।
सरकार के अनुसार, नोटिस वाले मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक प्रकरण माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र से जुड़ी विसंगतियों और अन्य तार्किक त्रुटियों के कारण सामने आए हैं।
आदिवासी और PVTG समुदायों का भी उठाया मुद्दा
सरकार ने झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में SIR लागू करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। संकल्प में विशेष रूप से आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र किया गया है।
सरकार का कहना है कि इन समुदायों के कई लोगों के पास जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं और जागरूकता की कमी भी प्रक्रिया में बाधा बन सकती है। ऐसे में पुनरीक्षण के नियम और व्यवस्था स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाने चाहिए।
विधानसभा से संकल्प पारित होने के बाद अब इसे निर्वाचन आयोग और संबंधित प्राधिकारों तक भेजे जाने की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
