एप्पल हर साल अपने आईफोन के लिए एक बड़ा सॉफ्टवेयर अपडेट लाती है. इस बार आने वाले लेटेस्ट अपडेट का नाम iOS 27 है, जो WWDC 2026 इवेंट में पेश होने की उम्मीद है. यह अपडेट सितंबर 2026 में लॉन्च होने वाले iPhone 18 के साथ सभी यूज़र्स तक पहुंचेगा. अभी तक एप्पल ने इसके बारे में ऑफिशियली जानकारी नहीं दी है, लेकिन कई रिपोर्ट्स और लीक्स से काफी कुछ पता चल चुका है. आइए जानते हैं कि iOS 27 में क्या-क्या नया मिलने वाला है.
किन iPhones को मिलेगा iOS 27?
हर साल एप्पल कुछ पुराने फोन को अपडेट की लिस्ट से बाहर कर देता है. इस बार iPhone 11, iPhone 11 Pro, iPhone 11 Pro Max और iPhone SE (दूसरी जनरेशन) को हटाया जा सकता है. यानी अगर आपके पास iPhone 12 या उससे नया फोन है, तो ही आपके आईफोन में यह नया iOS 27 अपडेट आएगा.
हालांकि, इस अपडेट के बारे में एक बात का ख्याल जरूर रखें कि iOS 27 में AI फीचर्स यानी यानी Apple Intelligence सिर्फ iPhone 15 Pro, iPhone 15 Pro Max, iPhone 16 और उससे नए मॉडल्स पर ही काम करेंगे.
सबसे बड़ा बदलाव – AI वाली नई Siri
iOS 27 का सबसे धमाकेदार फीचर है Siri का पूरी तरह बदल जाना. अब तक Siri सिर्फ टाइमर लगाती थी, गाना बजाती थी या मौसम बताती थी, लेकिन iOS 27 में Siri एक असली एआई चैटबॉट बन जाएगी.
ब्लूमबर्ग के जाने-माने रिपोर्टर मार्क गुरमन के मुताबिक, नई Siri का अपना अलग ऐप होगा. यह स्क्रीन पर क्या चल रहा है, उसे देखकर जवाब दे सकेगी और आपके फोन की पर्सनल जानकारी को भी समझेगी. इसकी सबसे खास बात यह है कि यह एक ऐप से दूसरे ऐप में जाकर खुद काम कर सकेगी. उदाहरण के तौर पर आपने बोला – “मेरी आज की फोटो व्हाट्सएप पर भेजो” – तो Siri खुद फोटोज़ खोलेगी, फोटो ढूंढेगी और व्हाट्सएप पर भेजेगी.
नई सीरी गूगल के जेमिनी एआई मॉडल से पावर्ड होगी. हालांकि, यूज़र्स चाहें तो दूसरे थर्ड-पार्टी एआई मॉडल भी चुन सकेंगे. Siri को बुलाने का तरीका पहले जैसा ही रहेगा. आपको वेक वर्ड बोलो या पावर बटन दबाओ, लेकिन अब एक नया तरीका भी होगा, जिसके जरिए आप डायनमिक आईलैंड से स्वाइप करके सिरी का नया चैटबॉट इंटरफेस खोल सकेंगे.
फोटोज़ और कैमरा में भी AI का जादू: iOS 27 में Photos ऐप में एक नया AI फीचर आएगा, जिससे आप किसी भी फोटो में नई चीजें जोड़ सकेंगे जो असल में वहां थीं ही नहीं. यह बिल्कुल वैसे होगा, जैसे Photoshop में होता है. इसके अलावा कैमरा ऐप से तुरंत किसी भी चीज की Google Reverse Image Search की जा सकेगी.
Image Playground, Genmoji और Wallpaper: गुरमन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Image Playground और Genmoji में इमेज क्वालिटी काफी बेहतर होगी. यह नया फीचर भी आएगा, जिससे आप एआई की मदद से अपने फोन के लिए कस्टम वॉलपेपर बना सकेंगे. राइटिंग टूल्स भी स्मार्ट होंगे. अब वो सिर्फ स्पेलिंग नहीं, बल्कि वाक्यों की बनावट में भी गलतियां पकड़ लेंगे.
Camera, Weather और Wallet में बदलाव: कैमरा ऐप में अब किस्टम विजेट्स बना सकेंगे, यानी अब आप खुद तय कर सकेंगे कि कैमरा खोलते वक्त कौन से बटन दिखें. वेदर ऐप में एक नया कंडीशन्स पैनल आएगा, जहां हवा, बारिश जैसी जानकारी अलग-अलग पैनल में देख सकेंगे.
वॉलेट ऐप में एक बहुत काम का नया फीचर आएगा, जिसका नाम Create a Pass है. इससे आप सिनेमा टिकट, जिम मेंबरशिप जैसी चीजों की फोटो खींचकर उन्हें डिजिटल पास में बदल सकेंगे और वॉलेट में सेव कर सकेंगे.
Liquid Glass डिजाइन और iPhone Fold
iOS 26 में लिक्विड ग्लास डिज़ाइन पेश किया गया था, जो लोगों को काफी पसंद नहीं आया था. हालांकि, गुरमन के मुताबिक एप्पल इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी. हां, कुछ नए कस्टमाइजेशन ऑप्शन जरूर आ सकते हैं.
इस साल iPhone Fold यानी एप्पल के पहले फोल्डेबल आईफोन को भी लॉन्च किया जा सकता है. ऐसे में iOS 27 उस फोन के हिसाब से भी तैयार होगा, जहां दो ऐप्स एक साथ खोली जा सकेंगी.
लिहाजा, iOS 27 काफी बड़ा अपडेट लग रहा है. खासतौर पर सिरी के मामले में यह अपडेट काफी बदलाव लेकर आने वाला है. अगर सबकुछ लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक ही रहा तो कई सालों के बाद आईफोन यूज़ करने का तौर-तरीके में बड़े बदलाव आ सकते हैं.


