Friday, July 17, 2026

GNM प्रवेश परीक्षा 2026: JCECEB ने जारी किया नोटिफिकेशन, 9 अगस्त तक आवेदन का अवसर.

Share

रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 9 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पर्षद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 10 और 11 अगस्त 2026 को ऑनलाइन संशोधन (एडिट) का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रवेश परीक्षा 23 अगस्त 2026 (रविवार) को दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

तीन वर्ष का होगा GNM पाठ्यक्रम

GNM कोर्स की अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु 31 दिसंबर 2026 तक न्यूनतम 17 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, ANM/LHV श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा लागू नहीं होगी।

शैक्षणिक योग्यता

प्रवेश के लिए उम्मीदवार का 10+2 परीक्षा अंग्रेजी विषय के साथ कम से कम 40 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। NIOS और राज्य मुक्त विद्यालय से 12वीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन करने के पात्र होंगे। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य होगा।

आधिकारिक अधिसूचना पढ़ने की सलाह

JCECEB ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना और नियमावली का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है। पर्षद का कहना है कि पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसे देखकर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Read more

Local News