Saturday, August 8, 2026

Dhanbad News: स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस की आंदोलन की तैयारी, 15 अगस्त को पंचायतों में होगी ग्रामसभा.

Share

Dhanbad: धनबाद जिला कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। शनिवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में जिला कांग्रेस की बैठक हुई, जिसमें बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने समेत कई विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से गांवों और पंचायतों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सामने लाने का आह्वान किया। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

15 अगस्त को सभी पंचायतों में ग्रामसभा

बैठक में तय किया गया कि 15 अगस्त को धनबाद जिले की सभी पंचायतों में कांग्रेस की ओर से ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। पंचायत कांग्रेस कमेटियां इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं पर लोगों से संवाद करेंगी। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।

मतदाता सूची की भी होगी समीक्षा

ग्रामसभाओं में 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची की समीक्षा का निर्णय भी लिया गया है। पार्टी कार्यकर्ता सूची में छूटे हुए नाम, गलत विवरण, मृत मतदाताओं के नाम या स्थान बदल चुके मतदाताओं से संबंधित मामलों की जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद आवश्यक आपत्तियां और सुझाव संबंधित निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

कांग्रेस ने ग्रामसभाओं से संबंधित रिपोर्ट 16 अगस्त की शाम 6 बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

प्रखंड और नगर कमेटियों के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में निरसा से डॉ. संतोष कुमार राय, भूली से गंगा वाल्मीकि, चिरकुंडा से शशि भूषण नाथ तिवारी, पूर्वी टुंडी से योगेश रजक, धनबाद नगर से मृत्युंजय सिंह, गोविंदपुर से मनोज कुमार हाड़ी, बाघमारा से बलराम महतो और झरिया नगर से श्याम कुमार साह सहित विभिन्न प्रखंड व नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

Read more

Local News