Dhanbad: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में शुक्रवार को हुई भू-धंसान की घटना के बाद शनिवार को भी हालात चिंताजनक बने रहे। घटना में करीब 20 घरों के जमींदोज होने की जानकारी सामने आई है। इलाके में कई स्थानों पर जमीन में बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जबकि पीसीसी सड़क भी कई जगह क्षतिग्रस्त हुई है। घटना के बाद करीब 500 से अधिक लोगों के बीच डर का माहौल है।
भू-धंसान की आशंका को देखते हुए कई परिवार अपने घरों से बाहर रहने को मजबूर हैं। लोगों ने जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय घरों के भीतर रहने में उन्हें भय महसूस हो रहा है।
प्रभावित इलाके में पहुंचे सांसद
शनिवार को धनबाद सांसद ढुल्लू महतो छाताबाद के प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सुरक्षित पुनर्वास, मुआवजा और तत्काल राहत की मांग रखी।
सांसद ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कतरास क्षेत्र में लंबे समय से कोयला खनन के चलते कई स्थानों पर जमीन के भीतर खोखलापन पैदा हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई।
सांसद ने आरोप लगाया कि कोयला उत्पादन के दौरान बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा डीजीएमएस के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन और बीसीसीएल से प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराने तथा लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
हैवी ब्लास्टिंग पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने भू-धंसान के पीछे आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा की जा रही हैवी ब्लास्टिंग को संभावित कारण बताया है। उनका कहना है कि ब्लास्टिंग के बाद जमीन के अंदर हलचल बढ़ी, जिसके बाद यह घटना हुई।
घटना के बाद कई परिवार लगातार भय के माहौल में रह रहे हैं। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जल्द सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए और नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा दिया जाए।
