Thursday, May 14, 2026

CSK अभी भी IPL 2026 प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है और वो 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है.

Share

 IPL 2026 प्लेऑफ में जगह बनाने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. इस सीजन टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज जेमी ओवरटन जांघ में चोट के कारण अपने देश इंग्लैंड लौट गए हैं.

CSK ने बुधवार (13 मई) रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘जेमी ओवरटन की दाईं जांघ में चोट है और वे आगे की जांच और इलाज के लिए इंग्लैंड लौट रहे हैं.’

हालांकि CSK ने यह साफ नहीं किया कि वे कितने समय तक बाहर रहेंगे या क्या वे इस सीजन के बाकी मैचों से पूरी तरह बाहर हो गए हैं, लेकिन टीम के बाकी लीग मैचों में उनके खेलने की संभावना कम ही लग रही है.

जेमी ओवरटन का प्रदर्शन
ओवरटन इस सीजन में CSK के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. वे 17.78 की औसत से 14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं. उनका इकॉनमी रेट 8.89 रहा है. अपने पिछले मैच में LSG के खिलाफ उन्होंने 36 रन देकर 3 विकेट लिए थे. जिसकी वजह से उनको ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था.

ओवरटन गेंद से विकेट लेने के अलावा निचले क्रम में बल्ले से रन भी बनाते हैं. उनके जाने से टीम के गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ा खालीपन आ गया है, और टीम मैनेजमेंट को इस कमी को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना होगा.

CSK के प्लेऑफ में पहुंचने के चांस
CSK अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है और उसके टॉप फोर में पहुंचने के चांस भी ज्यादा हैं. 11 मैचों में 12 अंकों के साथ वह पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है. उनका अगला मुकाबला शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के खिलाफ है. जहां वो प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत करने की कोशिश करेगी.

CSK चोटिल खिलाड़ियों से परेशान
ओवरटन के जाने से CSK की चोटों से जुड़ी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. टीम पहले से ही नाथन एलिस, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और रामकृष्ण घोष जैसे खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है, और एमएस धोनी अभी तक पिंडली की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं.

Read more

Local News