Thursday, May 14, 2026

झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 की घोषणा होने के साथ इसकी ट्रॉफी भी लॉन्च कर दी गयी है.

Share

रांचीः झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से राज्य क्रिकेट के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल करते हुए झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 की आधिकारिक घोषणा की गई.

रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लीग की ट्रॉफी लॉन्च की गई. राज्य में विश्वस्तरीय क्रिकेट प्लेटफॉर्म तैयार करने की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई. इस दौरान आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की गई.

इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और झारखंड के खिलाड़ी ईशान किशन रहे. आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के बीच ईशान किशन विशेष तौर पर इस आयोजन में शामिल होने रांची पहुंचे. उनके पहुंचते ही कार्यक्रम में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों और मीडिया कर्मियों में उत्साह देखने को मिला.

इस मौके पर JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, जॉइंट सेक्रेटरी शहवाज नदीम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया, जिसमें लीग से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई.

Trophy Launched Alongside Announcement of Jharkhand T20 Cricket League 2026

JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. इस लीग का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि यह आयोजन आईपीएल की तर्ज पर कराया जाएगा, ताकि झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव मिल सके.

उन्होंने जानकारी दी कि लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें रांची कैपिटल, जमशेदपुर स्टीलर्स, धनबाद किंग्स, बोकारो बुल्स, दुमका डायमंड और संथाल स्ट्राइकर्स शामिल हैं. सभी टीमों में 18 से 20 खिलाड़ियों का स्क्वाड होगा. खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी डोमेस्टिक क्रिकेट खेल चुके हैं, वे ऑक्शन में शामिल हो सकेंगे.

Trophy Launched Alongside Announcement of Jharkhand T20 Cricket League 2026

अजय नाथ शाहदेव ने आगे कहा कि यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि झारखंड क्रिकेट के भविष्य को नई दिशा देने की कोशिश है. लीग के जरिए ग्रामीण और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा. उन्होंने यह भी बताया कि JSCA जल्द ही महिला क्रिकेट लीग शुरू करने की तैयारी कर रहा है और इसके लिए भी काम शुरू हो चुका है.

इस टी20 क्रिकेट लीग के आयोजन को लेकर बताया गया कि इसका आयोजन जून महीने में किया जाएगा. टूर्नामेंट को पूरी तरह प्रोफेशनल तरीके से आयोजित करने की तैयारी है, ताकि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय क्रिकेट माहौल मिल सके.

इस मौके पर क्रिकेटर ईशान किशन ने भी अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि बचपन से वे प्रीमियर लीग को देखते आए हैं और उस समय इस तरह के टूर्नामेंट में खेलने की इच्छा होती थी. अब उन्हें इस लीग का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है, जो उनके लिए खास अनुभव है.

ईशान किशन ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है जरूरत सिर्फ सही प्लेटफॉर्म और अवसर की होती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की लीग युवा खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी और इससे उन्हें बड़े स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास मिलेगा.

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और खिलाड़ियों की वापसी को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी अपने पोटेंशियल के अनुसार प्रदर्शन करता है. कई बार खराब दौर आता है लेकिन मेहनत और आत्मविश्वास से खिलाड़ी शानदार वापसी भी करते हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां खिलाड़ियों ने मुश्किल दौर के बाद बेहतरीन कमबैक किया है.

इस कार्यक्रम के दौरान मीडिया कर्मियों ने ईशान किशन से कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने खुलकर जवाब दिया। क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी इस लीग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. माना जा रहा है कि झारखंड टी20 क्रिकेट लीग राज्य के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने और नए खिलाड़ियों को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी.

Read more

Local News