गढ़वाः सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार गढ़वा पहुंचे और बूढ़ा पहाड़ का जायजा लिया. उन्होंने CRPF जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जहां सीआरपीएफ है वहां विजय निश्चित है.
विकास कार्यों की समीक्षा की
इधर कुछ दिनों से बूढ़ा पहाड़ पर हलचल तेज हो गई है. मगर अब यह हलचल नक्सल को लेकर नहीं बल्कि विकास को लेकर हो रही है. इसी के तहत सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार अचानक बूढ़ा पहाड़ पहुंचे, जहां उन्होंने अबतक हुए विकास कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उनके साथ झारखंड सेक्टर के सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह, डीआईजी, डीसी गढ़वा और एसपी गढ़वा मौजूद रहे.
अब लोग निडर होकर रह रहे हैंः ग्रामीण
इस दौरान उन्होंने बूढ़ा पहाड़ पर मौजूद गांववालों से बात की और उनका हालचाल पूछा. ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि जब से यह पहाड़ नक्सल मुक्त हुआ है तब से यहां अमन चैन है. अब लोग बिंदास होकर यहां रह रहे हैं.
जवानों की हौसला अफजाई की
इसके बाद डीजी ने बूढ़ा पहाड़ एवं गढ़वा में मौजूद जवानों के साथ वार्ता करते हुए उनकी हौसला अफजाई की. उन्होंने जवानों से किसी भी समस्या को लेकर अपने अधीनस्थ अधिकारियो से संपर्क करने को कहा.
मीडिया से बात करते हुए डीजी दीपक कुमार ने कहा कि आप लोग जानते हैं कि पहले यह बूढ़ा पहाड़ भाकपा माओवादियों के चुंगल में था और यहां उनका बेस कैंप और ट्रेनिंग सेंटर था लेकिन जब से सीआरपीएफ ने यहां कदम रखा है तब से यह क्षेत्र नक्सल मुक्त हो चुका है. जहां सीआरपीएफ रहती है वहां हमेशा विजय होती है.


